रीवा में सीएम मोहन यादव का रोड शो, 326 करोड़ की योजनाओं का भूमिपूजन-लोकार्पण भी किया

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को रीवा में कहा कि भाजपा में पद का महत्व नहीं है। रीवा में विकास नहीं रुकेगा। प्रदेश में कोई योजना बंद नहीं होगी।

Updated: Jan 05, 2024, 06:31 PM IST

रीवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार को रीवा पहुंचे। यहां उन्होंने विवेकानंद पार्क से लेकर व्यंकट भवन तक रोड शो किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान सीएम डॉ. यादव तलवार लहराते भी नजर आए।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एनसीसी ग्राउंड में 326 करोड़ की लागत की योजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में पद का महत्व नहीं है। रीवा में विकास नहीं रुकेगा। प्रदेश में कोई योजना बंद नहीं होगी। विकास के सभी काम होंगे। अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 16 जनवरी काे फिर से आएंगे। फिर बैठक करेंगे।

सभा में उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जन आभार यात्रा के दौरान शहरवासियों का उत्साह सिर्फ मुख्यमंत्री का नहीं, बल्कि रीवा के दामाद का स्वागत किया है। यही वजह है कि रीवा के लोग मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साहित रहे। राजेंद्र शुक्ल ने सीएम से मांग करते हुए कहा कि रीवा की धरती से इतनी दौलत पैदा हो रही है, तो यहां की मंडी को आदर्श मंत्री बनाएं। मार्च महीने में रीवा में बन रहे हवाई अड्‌डे का लोकार्पण करने के लिए भी राजेंद्र शुक्ल ने मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया है।