Bhopal Rape Case : पत्रकार प्‍यारे मियां पर 30 हजार का इनाम, अवैध निर्माण तोड़ा

Shivraj Singh Chouhan : यौन शोषण अपराधियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करें, चिटफंड कंपनियों पर भी सख्‍ती के निर्देश

Publish: Jul 14, 2020, 03:35 AM IST

photo courtesy : gg2.net
photo courtesy : gg2.net

भोपाल। रविवार को राजधानी भोपाल में पांच लड़कियों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में बेलगाम होती आपराधिक घटनाओं को लेकर कानून समीक्षा की बैठक ली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यौन शोषण से जुड़े सभी अपराधियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फरार आरोपी प्यारे मियां पर इनाम अब 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 30 हजार रुपए कर दिया गया है। प्रशासन ने हमीदिया कॉलेज के पास गिन्नौरी इलाके में स्थित प्यारे मियां के अवैध मैरिज हॉल को भी गिरा दिया है। 

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बेटियों के विरूद्ध अपराध करने वाले पूरी मानवता के दुश्मन हैं तथा उनको जल्द जल्द से गिरफ्त में लिया जाए। मुख्‍यमंत्री के निर्देश पर शोषण के मुख्‍य आरोपी अफकार अखबार के मालिक प्‍यारे मियां की अधिमान्‍यता रद्द कर दी गई है। उनसे सरकारी क्‍वार्टर भी खाली करवाया जाएगा।

बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने पूरे प्रदेश में अपराधियों, माफियों, अतिक्रमणकारियों, अवैध शराबखोरों और चिटफंड धोखेबाजों के खिलाफ अभियान चलाकर कारवाई करने के निर्देश दिए हैं।

क्‍या है मामला ? 
दरअसल कल राजधानी में पांच लड़कियों के साथ बलात्कार होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। पांच लड़कियों में से चार लड़कियां नाबालिग हैं और एक बालिग है। पुलिस का कहना है कि ये पांच लड़कियां रातीबड़ थाना क्षेत्र में शराब के नशे में घूमती हुई मिली थीं।जिसके बाद पुलिस ने पांचों लड़कियों से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।लड़कियों ने पुलिस को बताया कि वे राजधानी के शाहपुरा के एक फ्लैट से पार्टी करके आ रही थीं और इन्हीं में से एक लड़की का उसी फ्लैट पर रेप भी किया गया।लड़कियों ने पुलिस को बताया है कि पार्टियों में इनको बुलाया जाता था और वहां पर इनके साथ रेप किया जाता था। इस मामले में लड़कियों का कहना है कि अफकार अखबार का मालिक प्यारे मियां इनको पार्टी में बुलाता था। प्यारे मियां भोपाल के एक अखबार का मालिक है। उसके साथ इस काम में एक दलाल महिला भी संलिप्त थी। पुलिस ने महिला दलाल स्वीटी विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि प्यारे मियां अभी भी फरार चल रहा है।

पिछले तीन महीनों में प्रदेश में हत्याओं के मामले बढ़े
 कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी विवेक जौहरी ने अपराधों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन महीनों में प्रदेश में हत्या के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि जौहरी ने बताया कि प्रदेश में बलात्कार के मामलों में कमी आई है।जौहरी ने बताया कि प्रदेश में आगामी 15 जुलाई से 15 अगस्त तक वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।

नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म के आरोपी प्यारे मियां पर मुख्‍यमंत्री की सख्‍ती के बाद प्रशासन ने प्यारे मियां के गिन्‍नौरी में स्थित अफकार शादी हॉल को सोमवार को गिरा दिया। प्रशासन के अनुसार यह शादी हॉल अतिक्रमण कर बनाया गया था।