भोपाल में एक मंच पर दिखे सीएम शिवराज और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, अर्जुन सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण

विंध्य क्षेत्र की जनता का इंतजार खत्म, राजधानी भोपाल स्थित व्यापमं चौराहे पर अर्जुन सिंह की प्रतिमा का हुआ अनावरण, बेटे अजय सिंह राहुल ने सीएम चौहान को धन्यवाद ज्ञापित किया

Updated: Mar 07, 2023, 07:58 PM IST

भोपाल। विंध्य क्षेत्र की जनता और पूर्व सीएम अर्जुन सिंह के समर्थकों का इंतजार आज आखिरकार खत्म हो गया है। राजधानी भोपाल में देश के कद्दावर नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा का आज अनावरण किया गया। भोपाल के व्यापम चौराहे पर आयोजित प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह राहुल भी मौजूद रहे।

प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच पर कन्या पूजन कर माला पहनाई और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कन्या पूजन कर दक्षिणा देकर सभी पूज्य कन्याओं के चरण स्पर्श किए। वहीं, अर्जुन सिंह के बेटे व कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल ने प्रतिमा अनावरण और स्थान चयन के लिए नगर निगम के कर्मचारियों और सीएम चौहान को धन्यवाद ज्ञापित किया।

आज जो कुछ हूं अर्जुन सिंह की बदौलत: दिग्विजय सिंह

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि, "बहुत दिनों से इस बात का इंतजार था कि अर्जुन सिंह की मूर्ति का अनावरण हो। हमें प्रसन्नता है कि उनकी मूर्ति का अनावरण उनके C-19 बंगले के पास ही किया गया है। अर्जुन सिंह के बारे में कुछ शब्दों में कहना असंभव है। मैं आज जो कुछ भी हूं अर्जुन सिंह की बदौलत ही हूं। मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत उनके चरणों में हुई और हर कदम पर हर वक्त उन्होंने मुझे आगे बढ़ाया। उनका कार्य करने का तरीका ही अद्भुत था। वे कम बोलते थे लेकिन जो भी बोलते थे कर के दिखाते थे। उन्होंने मुझे जब कृषि मंत्री बनाया तो इस बात का उल्लेख किया कि वे भी पहली बार कृषि मंत्री ही बने थे। अर्जुन सिंह जिस पद पर रहे हर कार्यभार को उन्होंने कुशलता से निभाया।

वे दलित पिछड़ों के लिए समर्पित थे: सीएम शिवराज

इस दौरान सीएम चौहान ने कहा कि, "अर्जुन सिंह किसी दल या संस्था के कारण नेता नहीं बने थे बल्कि वह अपने व्यक्तित्व के कारण जननेता बने। वह जिस दल में रहे उसे अपनी मेहनत से प्रासंगिक बना दिया।लोग उन्हें राजनीति के चाणक्य के रूप में जानते हैं। उनके अनेकों फैसले ने लोगों की जिदागियां बदली। बतौर सीएम उनके अनेकों काम आज भी प्रदेश याद करता है। दलित-पिछड़ों के लिए वे हमेशा समर्पित रहे। उन्होंने डकैतों का गिरोह आत्मसमर्पण कराया। उनके कार्यकाल में डकैतों ने शस्त्र डाल दिए थे।"

सीएम चौहान ने आगे कहा कि, "बीजेपी द्वारा पंडित दिन दयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम रहते अर्जुन सिंह के पधारे थे और उन्होंने कहा कि मैं विचारधारा अक्षुण रखकर आया हूं। आज इसके लिए ताकत चाहिए। वे जब तीसरी बार सीएम बने तो मैं युवा मोर्चा में था और लगातार आंदोलन करता था। कभी क्रांति मशाल लेकर निकलता तो कभी छात्र आंदोलन में शामिल होता। लेकिन सदैव आंदोलन के वक्त हमारे पास अधिकारी आकर कहते थे की सीएम ने आपको बुलाया है। वे प्रदर्शनकारियों को बुलाकर प्यार से बात करते थे और जायजा मांगों को पूरा करते थे। वे कम बोलते थे लेकिन जो भी बोलते थे वह अर्थपूर्ण होता था। उन्होंने अपने कार्यों से पूरे भारत में मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है।"

इस दौरान अर्जुन सिंह की बेटी वीणा सिंह ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि भारत भवन की उपलब्धि अर्जुन सिंह के नाम दर्ज कर भारत भवन में एक कॉरिडोर एक फोटो गैलरी अर्जुन के नाम पर बनाई जाए। इसपर सीएम चौहान ने कहा कि वीणा सिंह और अजय सिंह ने जो भी सुझाव दिए हैं उसपर हम निश्चित रूप से विचार करेंगे। 

बता दें कि 11 अक्टूबर 2019 में कमलनाथ सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा नानके पेट्रोल पंप चौराहे पर स्थापित की गई थी। यहां पर पहले चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा लगी थी। इस प्रतिमा के लगने के बाद यह मामला हाईकोर्ट में चला गया। इसके बाद नगर निगम ने पूर्व सीएम की प्रतिमा को यहां से हटाकर व्यापमं चौराहे पर शिफ्ट कर दिया था। प्रतिमा को लेकर लंबे समय तक विवाद के कारण इसका अनावरण नहीं हो पाया था। कांग्रेस नेता कई बार अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण की मांग कर चुके थे। प्रतिमा अनावरण को लेकर बीजेपी के विधायक नारायण त्रिपाठी ने सरकार को अल्टीमेटम दे दिया था। त्रिपाठी ने 4 मार्च को इस प्रतिमा के अनावरण का ऐलान किया था। ऐसे में राज्य सरकार एक्टिव हुई और 7 मार्च को अनावरण की तारीख तय कर दी गई।