केंद्रीय मंत्री शिवराज को बतोलेबाज कहना पड़ा भारी, विदिशा में शिक्षक पर निलंबन की कार्रवाई
शिक्षक गोविंद सिंह ने फेसबुक पर केंद्रीय मंत्री शिवराज के विरुद्ध टिप्पणी करते हुए लिखा था कि वह बतोलेबाज हैं, झूठों की प्रतियोगिता कराई जाए तो ये पूरे देश में नंबर वन आएंगे।
विदिशा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बातोलेबाज कहना एक शासकीय शिक्षक को भारी पड़ गया। शिवराज के ही संसदीय क्षेत्र विदिशा के एक शिक्षक, गोविंद सिंह कुशवाहा को निलंबित कर दिया गया है।
दरअसल, एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता ने संसद में दिए शिवराज सिंह के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। इस पर शिक्षक गोविंद सिंह ने टिप्पणी करते हुए लिखा, "बतोलेबाज है, झूठों की प्रतियोगिता कराई जाए तो ये पूरे देश में नंबर वन आएंगे।"
इस टिप्पणी के बाद शिक्षक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। उन्हें नोटिस भी जारी किया गया। इसके बाद शिक्षा विभाग ने उनकी टिप्पणी को अभद्र, अशोभनीय और आपत्तिजनक मानते हुए निलंबन की कार्रवाई कर दी।
निलंबन की कार्रवाई के बाद शिक्षक गोविंद सिंह ने कहा कि उनकी सोशल मीडिया आईडी खुली रह गई थी और किसी ने साजिश के तहत यह कमेंट कर दिया। जानकारी मिलने पर उन्होंने उसे हटा भी दिया था। उनका दावा है कि जो उन्होंने किया ही नहीं, उसकी सजा उन्हें दी जा रही है।
इससे पहले मध्य प्रदेश के ही शिवपुरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने पर भी एक शिक्षक पर इसी तरह की कार्रवाई हुई थी। शिक्षक ने प्रधानमंत्री की शैली में बोलते हुए कहा था, “मेरे प्यारे भाइयों-बहनों, गैस के दाम कम हुए कि नहीं हुए? नहीं हुए। गैस के दाम बढ़े कि नहीं बढ़े?" वीडियो वायरल होने पर पोहरी ब्लॉक के सेमरखेड़ी स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक साकेत पुरोहित को सस्पेंड कर दिया गया।




