सीएम शिवराज ने हर रोज एक नया झूठ बोलने की कसम खा ली है, कर्जमाफी वाले बयान पर कमलनाथ का पलटवार
सीएम चौहान कनार्टक में कह रहे हैं कि मध्य प्रदेश में किसानों की कर्ज माफी नहीं की गई। जबकि मध्यप्रदेश विधानसभा के पटल पर उनकी सरकार ने खुद स्वीकार किया है कि प्रदेश में 27 लाख किसानों की कर्ज माफी कांग्रेस सरकार ने की: कमलनाथ

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कर्नाटक में कहा कि राहुल गांधी ने एमपी में कर्जा माफ करने की गारंटी दी थी, झूठी निकल गई। इस पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने पलटवार करते हुए कहा कि सदन में उनकी सरकार ने खुद माना कि कांग्रेस की सरकार ने कर्ज माफी की। दूसरे राज्य में जाकर झूठ बोलना क्या मध्य प्रदेश विधानसभा की अवमानना नहीं है?
कमलनाथ ने ट्वीट किया, "लगता है शिवराज जी ने कसम खा ली है कि वह किसानों के मामले में हर रोज एक नया, हास्यास्पद और बे-सिर-पैर का झूठ बोलेंगे। 2 दिन पहले रीवा में उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी से अधिक कर दी है। जब जनता ने पूछा की रिपोर्ट दिखाओ तो मध्य प्रदेश की सीमा लांघ कर कर्नाटक में झूठ बोलने पहुंच गए। वहां कह रहे हैं कि मध्य प्रदेश में किसानों की कर्ज माफी नहीं की गई। जबकि मध्यप्रदेश विधानसभा के पटल पर उनकी सरकार ने खुद स्वीकार किया है कि प्रदेश में 27 लाख किसानों की कर्ज माफी कांग्रेस सरकार ने की।"
लगता है शिवराज जी ने कसम खा ली है कि वह किसानों के मामले में हर रोज एक नया, हास्यास्पद और बे-सिर-पैर का झूठ बोलेंगे। 2 दिन पहले रीवा में उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी से अधिक कर दी है। जब जनता ने पूछा की रिपोर्ट दिखाओ तो मध्य प्रदेश की सीमा लांघ कर कर्नाटक में झूठ…
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) April 26, 2023
कमलनाथ ने आगे लिखा, "सदन में बोली गई बात को दूसरे प्रदेश में जाकर झूठा बताना क्या मध्यप्रदेश विधानसभा की अवमानना नहीं है, क्या यह मध्य प्रदेश की जनता का अपमान नहीं है, क्या यह जनमत की मानहानि नहीं है? शिवराज जी मध्य प्रदेश की जनता के इस अपमान के लिए आप मध्य प्रदेश की जनता से माफी मांगें।"
यह भी पढ़ें: सीएम चौहान, वीडी शर्मा और भूपेंद्र सिंह की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, मानहानि मामले में ट्रायल की शुरुआत
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कर्नाटक में तीन सीटों पर प्रचार किया। सीएम ने कर्नाटक की हुक्केरी, रामदुर्गा और गोकक विधानसभा सीट पर प्रचार किया। सीएम ने कहा कि, "कांग्रेस के बहकावे में मत आना। यह झूठी गारंटी देने वाले हैं। राहुल बाबा मध्य प्रदेश में गारंटी देने आए थे कि सबका कर्जा माफ कर देंगे। जनता ने भी वोट दे दिये। पूरी सरकार नहीं बनी। अधूरी सरकार बनी। सवा साल में कर्जा माफ नहीं किया। झूठी निकल गई गारंटी।"
हालांकि, शिवराज सरकार स्वयं मध्य प्रदेश विधानसभा में स्वीकार कर चुकी है कि कमलनाथ सरकार ने 27 लाख किसानों का कर्जमाफ़ किया था। इतना ही नहीं कमलनाथ सरकार की कर्जमाफी योजना का लाभ सीएम शिवराज सिंह चौहान व अन्य भाजपा नेताओं के रिश्तेदारों ने भी उठाया था।