कांग्रेस ने मिशन 2024 का किया आगाज, मध्य प्रदेश के लिए पॉलिटिकल अफेयर्स और इलेक्शन कमेटी गठित

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश के लिए प्रदेश चुनाव समिति का चेयरमैन बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत 34 नेताओं को इसका सदस्य बनाया गया है।

Updated: Jan 07, 2024, 09:30 AM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव में मिली असफलता के बाद कांग्रेस पार्टी अब मिशन 2024 के लिए जुट गई है। पार्टी ने मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के लिए पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी और इलेक्शन कमेटी गठित की है। पार्टी के इस कदम को अगले कुछ महीनों में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियों के तौर पर देखा जा रहा है।

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश के लिए प्रदेश चुनाव समिति का चेयरमैन बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, अजय सिंह, विवेक तन्खा, सुरेश पचौरी, डॉ गोविंद सिंह, सज्जन सिंह वर्मा समेत 34 नेताओं को इसका सदस्य बनाया गया है।

इसके अलावा पार्टी ने प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह की अगुवाई में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी गठित की है। वे इस कमेटी के चेयरमैन होंगे। जबकि जीतू पटवारी को इसका कन्वीनर बनाया गया है। इस कमेटी में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अरुण यादव, विवेक तन्खा, नकुल नाथ, जयवर्धन सिंह समेत 32 लोग शामिल हैं।

मध्य प्रदेश के साथ ही कांग्रेस ने राजस्थान, केरल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा की प्रदेश चुनाव समितियों को भी मंजूरी दी है।