NEET, UGC-NET पेपर लीक के विरुद्ध भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन, दिग्विजय सिंह ने NTA चेयरमैन से मांगा इस्तीफा
प्रदीप जोशी जब एमपीपीएससी के अध्यक्ष बने तब परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई। छत्तीसगढ़ गए तो वहां पेपर लीक हुआ। UPSC गए तो वहां शिकायतें आने लगी। अब NTA चेयरमैन हैं तो यहां पेपर लीक हो रहे: दिग्विजय सिंह

भोपाल। NEET, UGC-NET पेपर लीक के विरुद्ध देशभर के छात्रों में आक्रोश है। विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा भी देशभर में प्रदर्शन किया जा रहा है। शुक्रवार को भी मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया। रोशनपुरा चौराहे पर आयोजित इस धरने में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। सिंह ने कहा कि, 'भाजपा के राज में जितनी भी नियुक्तियां हुई हैं वहां घपला हुआ है। चाहे वह एमपी हो, या छत्तीसगढ़ हो, यूपी या राजस्थान हो। पहले तो मध्य प्रदेश की यही बदनामी होती थी कि व्यापमं के डॉक्टर से इलाज नहीं कराएंगे। अब तो नीट में घोटाला हो गया। अब नीट के जरिए जिनकी भर्ती होगी, वो एम्स में पहुंच जाएंगे। अब जानकारी मिल रही है कि जिन्होंने पहले फार्म भरा है उन्हें पहले कॉलेज मिल जाएगा। यह सब घपले का तरीका है।'
सिंह ने NTA चेयरमैन प्रदीप जोशी से इस्तीफा की मांग करते हुए कहा कि वह जब एमपीपीएससी के अध्यक्ष बने तब परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई। छत्तीसगढ़ गए तो वहां पेपर लीक हुआ। यूपीएससी गए तो वहां भी शिकायतें आने लगी। NTA चेयरमैन बने तो यहां पेपर लीक हो रहे। भाजपा ऐसे ही व्यक्तियों को चुनती है जो कि खुद खाएं और खिलाएं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने प्रदीप जोशी के बारे में एक शब्द नहीं कहा। मंत्री जी भले ही इस्तीफा ना दें लेकिन कम से कम एनटीए के अध्यक्ष प्रदीप जोशी का इस्तीफा तो ले लीजिए। सब इसी मिलीभगत का कारण है कि अविश्वास पैदा हो गया है।
आज @INCMP के प्रदेश अध्यक्ष @jitupatwari जी और पूर्व मुख्यमंत्री @digvijaya_28 जी की मौजूदगी में कांग्रेस के साथियों ने NEET पेपर लीक स्कैम का विरोध किया।
— Congress (@INCIndia) June 21, 2024
मोदी सरकार में लगातार हो रहे पेपर लीक देश की नींव को कमजोर कर रहे हैं। ये लाखों छात्रों के साथ धोखा है, अन्याय है।
हम इस… pic.twitter.com/QDvlutMPor
दिग्विजय सिंह ने कहा RSS और बजरंग दल पर हमला बोलते हुए कहा कि आखिर वे लोग कहां हैं जो हिंदुओं का ठेका लिए रहते हैं। क्या मोहन भागवत बताएंगे? आरएसएस के लोग इस मामले में कुछ करेंगे? नेट एग्जाम में जब शिकायत आई तो उसे कैंसिल कर दिया। लेकिन, नीट जिसमें 14 लाख बच्चों का भविष्य निर्भर है, उसे रद्द नहीं किया। 14 लाख परीक्षार्थियों में से कितने मुसलमान होंगे जिन्होंने परीक्षा दी है। 5 से 10 फीसदी मुसलमान होंगे बाकी तो हिंदू हैं। बजरंग दल वाले मेरे खिलाफ रोज बयान देते हैं। वो हिंदुओं के बच्चों के हक में आवज क्यों नहीं उठाते?
सिंह ने आगे कहा कि भाजपा और आरएसएस का स्वरूप एक जैसा ही है। वे खाओ और खाने दो की मानसिकता पर काम करते हैं। अधिकारियों- कर्मचारियों के साथ मिलकर लूटते हैं। जहां-जहां भाजपा का राज रहा है ऐसा ही हुआ है। जब से मोदी सरकार आई है घोटाले हो रहे हैं। एक भी घोटाले में न तो उन्होंने जांच कराई और न अपना मुंह खोला।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, 'देश मे बच्चों को बौद्धिक न्याय मिलेगा या नहीं? बच्चों की बौद्धिक हत्या अगर कहीं से शुरुआत हुई तो वह मध्य प्रदेश है। पहले व्यापमं के माध्यम से बच्चों के भविष्य को इन्होंने रौंदा। पुलिस भर्ती परीक्षा में घपले हुए, वन रक्षक, सहकारी बैंकों में भर्ती का घोटाला हुआ। मध्य प्रदेश को घोटालों की नर्सरी बना दिया। भाजपा की सरकार घोटाला को संरक्षित करती है। नरेंद्र मोदी पेपर लीक करवाते हैं। नर्सिंग घोटाले में मास्टर माइंड महेंद्र गुप्ता की जांच होना चाहिए। इस घोटाले का मास्टर माइंड महेंद्र गुप्ता किसका ओएसडी है। इस घोटाले के लिए दोषी मंत्री से इस्तीफा क्यों नही लिया जाता।'