अपने कार्यकर्ताओं की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस, दिग्विजय सिंह ने कहा राजनैतिक दुश्मनी निकाल रही है सरकार

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने राज्य सरकार पर अधिकारियों की मदद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाया है, उन्होंने कहा है कि कोई कार्यकर्ता अकेला नहीं है, कांग्रेस हर कार्यकर्ता की लड़ाई लड़ेगी

Updated: Apr 28, 2022, 04:06 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार अधिकारियों की मदद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसा रही है। राज्यसभा सांसद ने दतिया जेल में कांग्रेस कार्यकर्ता को सीवेज का पानी पिलाए जाने का दावा करते हुए कहा है कि हम जेपी नड्डा से मुख्यमंत्री चौहान की शिकायत करेंगे।

दरअसल, मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर "प्रशासनिक अत्याचार प्रतिरोध समिति" का गठन किया है। समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह की अगुवाई में आज पहली बैठक हुई। बैठक के बाद सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, 'जिस तरह सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राजनैतिक दुश्मनी निकाल रही है वह पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। कांग्रेस कार्यकर्ता इससे जरा भी भयभीत नहीं होगा, वह अकेला नहीं है, समूची कांग्रेस उसकी लड़ाई लड़ेगी।'

यह भी पढ़ें: डॉ गोविंद सिंह होंगे मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, कमलनाथ ने दिया इस्तीफा

पूर्व सीएम ने कहा कि, 'प्रदेश से लेकर तहसील स्तर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजनैतिक आधार पर सिविल, रेवेन्यू और आपराधिक मामलों में फंसाकर जलील किया जा रहा है। यहां तक कि एक कांग्रेस  कार्यकर्ता को जेल में सीवेज का पानी तक पिलाया गया। उन्हें वैधानिक संरक्षण दिया जायेगा। तहसील स्तर से लेकर जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर उच्च न्यायालयों में भी वरिष्ठ अधिवक्ताओं का उन्हें न्याय दिलाने के लिए सहयोग लिया जायेगा।'

राज्यसभा सांसद ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने संविधान की शपथ लेने के साथ निष्पक्षता से काम करने का संकल्प लिया था वे ही लोग आज भारतीय संविधान, न्याय और कानून के खिलाफ एकजुट होकर ऐसे अन्यायपूर्ण कार्यों के लिए प्रशासनिक अधिकारियों का भी सहयोग ले रहे हैं, जो न्यायोचित नहीं है। अब तक समिति के सामने 50 से अधिक मामले अकेले दतिया जिले के आए है, जिनमें कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गये हैं। जहां गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सबसे ज्यादा निशाना बना रहे हैं।'

यह भी पढ़ें: दिल्ली में मच्छर मार रहा हूं, विजयवर्गीय के ट्वीट पर कांग्रेस का पलटवार, रोडमैप बनाने गए थे या मच्छर मारने

दिग्विजय सिंह ने बताया कि इन सभी शिकायतों को एकत्र कर पीसीसी चीफ कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलेगा। उन्होंने प्रदेश भर के कांग्रेसजनों से कहा है कि वे उनके साथ हो रहे हर उत्पीड़न की जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध करायें, जिसके लिये जेपी धनोपिया को अधिकृत किया गया है। बैठक में यह भी तय किया गया कि समन्वय समिति के सभी सदस्य संभागवार व जिलों में इस विषय पर पत्रकार वार्ताएं आयोजित कर ऐसे अत्याचारों का प्रतिरोध करेंगे।