मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी कांग्रेस, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया का बड़ा दावा

झाबुआ में जो उम्मीदवार बीजेपी ने उतारा है। वहां वह शराब का सबसे बड़ा माफिया है। पूरे स्थानों पर गांव में शराब एकत्रित होती है और गुजरात बॉर्डर पर उसका गांव है। वहां से ट्रक भर कर वह शराब गुजरात भेजता है: कांतिलाल भूरिया

Updated: Aug 21, 2023, 06:47 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने बड़ा दावा किया है। भूरिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। भूरिया ने बीजेपी द्वारा जारी की गई 39 उम्मीदवारों की सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी ने जो लिस्ट जारी की है उसमें दूसरी पार्टी से आए लोगों को टिकट दे दी। उनके पास अपना उम्मीदवार तक नहीं है उनके पास बस एक ही बात है राम नाम जपना पराया माल अपना। हड़पने वाले लोग ही उनके साथ हैं। जनता में भाजपा की कोई लोकप्रियता नहीं है।

कांतिलाल भूरिया ने झाबुआ से भाजपा उम्मीदवार भानु भूरिया पर निशाना साधते हुए कहा, 'झाबुआ में जो उम्मीदवार बीजेपी ने उतारा है। वह शराब का सबसे बड़ा माफिया है। उसके गांव में शराब एकत्रित होती है और गुजरात बॉर्डर पर उसका गांव है। वहां से ट्रक भर कर वह शराब गुजरात भेजता है। वह भाजपा का जिला अध्यक्ष है इसलिए पुलिस वाले भी कुछ नहीं करते। और पार्टी ने उसी को उम्मीदवार बना दिया है जनता उसका जवाब देगी।

कांतिलाल भूरिया ने सीएम चौहान पर निशाना साधते हुए कहा, '18 साल में शिवराज सिंह की सरकार में लोग परेशान हैं। किसान परेशान, मजदूर परेशान, छोटे व्यापारी परेशान, आम आदमी परेशान, महिलाएं परेशान हैं। महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। मणिपुर में महिलाओं को कपड़े उतार कर घुमाया और उनके साथ बलात्कार किया गया। लेकिन मोदी जी एक शब्द नहीं बोले। अगर कोई और होता तो दौड़कर मणिपुर जाता और बहनों-माताओं से मिलता। बस माताओं, बहनों, लाडली बहना यह सब कहते हैं। बाकी महिलाओं के प्रति उनकी कोई सहानुभूति नहीं है मणिपुर में जो कुछ हुआ उसे पूरे विश्व में क्रिटिसाइज किया जा रहा है।'

भूरिया ने आगे कहा, 'मोदी का 10 साल का विकास देख ली लीजिए उन्होंने कहा था जब मैं प्राइम मिनिस्टर बनूंगा तो हर साल 2 करोड नौजवानों को नौकरी दूंगा किस को नौकरी मिली। 15 लाख सबके खाते में जमा कराने की बात कही थी। किसको दिए। झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान हमेशा यह सब झूठ बोलते हैं। उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। करते कुछ नहीं चिल्लाते ज्यादा हैं। यह जो कुछ भी किया वह सब कांग्रेस की देन है उनका है क्या कुछ किया हो तो बता दें।'