इंदौर में अब गड्ढों को श्रद्धांजलि, सड़क पर गड्ढों को ढूंढ ढूंढकर फूलों का हार पहना रहे कांग्रेस कार्यकर्ता

इंदौर शहर में गुरुवार को दिखा अद्भुत नजारा, सड़कों पर मौजूद गड्ढे पहने हुए थे हार, हार-फूल लेकर सड़कों पर गड्‌ढों को श्रद्धांजलि देने निकले हैं कांग्रेस कार्यकर्ता

Updated: Aug 18, 2022, 08:11 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बरसात के कारण जगह जगह सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने गुरुवार को अनोखे तरीके से इसका विरोध किया। शहर कांग्रेस के कार्यकर्ता गड्ढों को श्रद्धांजलि देते दिखे।

इंदौर शहर में गुरुवार को सड़कों पर अलग ही नजारा दिखा। यहां कुछ लोग अपने साथ हार-फूल लेकर सड़कों पर निकले और गड्‌ढों को ढूंढ ढूंढकर हार पहना रहे थे। दरअसल, इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के सभी मोर्चा, संगठन एवं प्रकोष्ठ प्रभारी और म.प्र. राजीव विकास केंद्र के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में गुरुवार को कांग्रेसी सड़कों पर उतरे। उन्होंने गाड़ी अड्‌डा क्षेत्र में गड्‌ढों को लेकर अनूठा प्रदर्शन कर इंदौर महापौर और भाजपा परिषद का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। 

यह भी पढ़ें: सिंधिया के जयविलास पैलेस में हंगामा, UP की महिला ने खुद को बताया महारानी, सुरक्षाकर्मियों से भिड़ी

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह बने गड्‌ढों पर हार फूल चढ़ाकर गड्‌ढों को श्रद्धांजलि दी और नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर गड्‌ढे हो चुके है। नगर निगम ने ताबड़तोड़ पैचवर्क करने में मिट्टी और चूरी डाल दी, जिससे बारिश में वहां कीचड़ हो जाता है और वाहन फिसल जाते हैं। जो दुर्घटना का कारण बन रहे हैं।

कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने कहा कि, 'रोज आते-जाते नगर निगम के जिम्मेदार अफसरों के ये गड्‌ढे नजर नहीं आते हैं। इन रास्तों पर हमेशा हादसे होने का डर बना रहता है। इसी लापरवाही की और ध्यान आकर्षित करने के लिए ये अनूठा प्रदर्शन किया गया। ये प्रदर्शन कर जिम्मेदारों को जगाने का प्रयास किया और ये अभियान लगातार जारी रहेगा।'