इंदौर में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, नगर निगम मुख्यालय को घेरा, पुलिस ने चलाए वॉटर कैनन

इंदौर नगर निगम द्वारा शहर की 531 काॅलाेनियों के रेट जोन में बदलाव के खिलाफ कांग्रेस ने दोपहर को निगम मुख्यालय का घेराव कर महापौर का पुतला फूंका।

Updated: Jul 03, 2023, 03:32 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार को कांग्रेस का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने बलप्रयोग करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन चलाए। 

इंदौर में कांग्रेस ने शहर में व्याप्त समस्यों को लेकर निगम मुख्यालय घेराव का ऐलान किया था। ऐसे में
सुबह से ही पुलिस के आला अधिकारी और कई थाना प्रभारियों को नगर निगम मुख्यालय के पास ड्यूटी पर तैनात किया गया था। निगम की बेरिकेटिंग भी कर दी गई थी कि ताकि कोई भी कांग्रेसी कार्यकर्ता नगर निगम मुख्यालय में दाखिल ना हो सकें।

हालांकि, प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस ने देखा कि हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम मुख्यलाय की ओर बढ़ रहे हैं तो पुलिस ने वॉटर कैनन स्टार्ट कर दिया। वॉटर कैनन चलाए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ दी। साथ ही नगर निगम मुख्यालय के बाहर महापौर पुष्यमित्र भार्गव का पुतला भी फूंका। इसके बाद पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग भी किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ता शहर में प्राॅपर्टी टैक्स बढ़ने, खुले गढ्डे व अन्य समस्या को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान इंदौर के कांग्रेस पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आम लोग मौजूद थे। दरअसल, इंदौर नगर निगम द्वारा शहर की 531 काॅलाेनियों के रेट जोन में बदलाव किया गया है। रेट जोन में हुए बदलाव के कारण इन काॅलाेनियों में संपत्ति कर में 30 से लेकर 60 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है।

निगम मुख्यालय के घेराव में पूर्व मंत्री व विधायक जीतू पटवारी, विधायक संजय शुक्ला, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे भी शामिल हुए। इस दौरान दो बार वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। जिससे राजू भदौरिया, पिंटू जोशी, स्विप्नल कांबले, रमीज खान, साक्षी शुक्ला, अमित चौरसिया, चिंटू चौकसे सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि, 'नगर निगम चुनाव में BJP ने घोषणा की थी हम संपत्तिकर नहीं बढ़ाएँगे और बजट के दौरान भी यही दोहराया तो फिर 531 कालोनियों का संपत्तिकर चोरी से बड़ाकर जनता के साथ कुठाराघात क्यों किया जा रहा है। अवैध कालोनियों को एक साथ वैध न कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी यह अन्याय और अत्याचार सहन नहीं करेगी।'

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि एक तरफ तो महापौर दावा कर रहे हैं कि निगम ने नागरिकों को राहत देते हुए कोई नया कर नहीं लगाया है। दूसरी तरफ गुपचुप तरीके से रेट जोन में बदलाव कर दिया, जिससे शहर की 531 कालोनियों के लाखों लोगों पर कर की मार पड़ रही है। कांग्रेस इस बदलाव का विरोध करती है। हमने इस संबंध में कुछ दिन पहले ही महापौर को ज्ञापन देकर बदलाव का विरोध किया था। इसके बावजूद कुछ नहीं हुआ। ऐसे में अब हमें मैदान में उतरना पड़ा।