गंदा पानी पीने से बुरहानपुर में फैला डायरिया, नगर निगम की लापरवाही बनी जान की दुश्मन

बुरहानपुर में 24 घंटे में मिले आधा सैकड़ा डायरिया मरीज, पीने के पानी की पाइप लाइन फूटी, गंदा पानी मोहल्लों में हो रहा सप्लाई, नगर निगम पर लगा लापरवाही का आरोप

Updated: Dec 15, 2021, 07:50 AM IST

Photo Courtesy: Indian express
Photo Courtesy: Indian express

बुरहानपुर। कोरोना और डेंगू के कहर के बीच बुरहानपुर में डायरिया के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। गंदा पानी पीने की वजह से अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटों में करीब 50 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया। जिला अस्पताल में डायरिया के मरीजों के भर्ती होने का सिलसिला जारी है।

बुरहानपुर में इनदिनों पेयजल परियोजना का काम हो रहा है। शहर के ज्यादातर क्षेत्रों में पाइप लाइन खोद दी गई है। जिसकी वजह से कई इलाकों में पीने की पाइप लाइन में गंदी नालियों का पानी मिल रहा है। यही गंदा पानी पाइप लाइन के जरिए घरों तक पहुंच रहा है। जिससे बड़ी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं।

 बुरहानपुर के हरीरपुरा इलाके में चंद दिनों पहले एक साथ कई घरों के आधा दर्जन लोगों को उल्टी दस्त होने लगे थे। वहीं मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जब इस मामले की पड़ताल की गई तो पता चला की पीने के पाइप लाइन के पास गंदी नाली है। जिसकी वजह से गंदा पानी घरों तक पहुंचने लगा है। बुरहानपुर जिला अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अनुसार यहां इनदिनों उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई लोगों को उल्टी ज्यादा होने की वजह से बेहोशी छाने लगी है। पानी की खराबी से भी यह स्थिति बनती है। 24 घंटे में 40 से 50 मरीज आ रहे हैं।