भोपाल। गुना जिले के आरोन में शिकारियों द्वारा तीन पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर बड़ा आरोप लगाया है। बीडी शर्मा ने कहा कि "स्थानीय लोगों के अनुसार राघौगढ़ किले से लगे बुधौलिया गांव में अपराधियों को दिग्विजय सिंह द्वारा खुला संरक्षण दिया जा रहा है।



यह भी पढ़ें: एमपी में नहीं रुक रहे पुलिस पर हमले, गुना के बाद धार में तीन पुलिसकर्मियों पर हमला, पालतू कुत्ते से भी कटवाया



उन्होंने कहा "दिग्विजय सिंह जवाब दें कि उनका इन अपराधियों के साथ क्या संबंध हैं। अपराधियों द्वारा भारी मात्रा में हथियार रखे जाना और उनके दिग्विजय सिंह के साथ संबंधों की पूरी जांच होनी आवश्यक है।"



इस पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पलटवार करते हुए लिखा कि "मैं सहमत हूँ, केंद्र में सरकार भाजपा की, मप्र में सरकार भाजपा की। भाजपा सरकार जाँच करवाएँ जो भी दोषी हों उन्हें इस जघन्य अपराध करने की सख़्त से सख़्त सज़ा दें। मेरी पूरी सहानुभूति उन तीन निर्दोष कर्तव्य निष्ट पुलिस कर्मियों के परिवार के साथ है जिन्होंने शहादत दी है।"



 





गौरतलब है कि आज गुना जिले के आरोन थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिकारियों ने तीन पुलिस कर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अब देखना होगा कि क्या राज्य सरकार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच करवाएगी।



यह भी पढ़ें: गुना में शिकारियों ने की तीन पुलिसकर्मियों की हत्या, दिग्विजय सिंह ने पीड़ित परिवारों के लिए की मुआवजे की मांग



यह भी देखना दिलचस्प होगा कि मध्यप्रदेश की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले दिग्विजय सिंह आने वाले समय में बीडी शर्मा को कैसे राजनीति का नया अध्याय सिखाते हैं। क्योंकि दिग्विजय सिंह ने एक पत्रकार के प्रश्न के जवाब में कहा था कि मैंने बीडी शर्मा जैसे बहुत देखे हैं।