इंदौर| शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र स्थित स्काई कॉर्पोरेट पार्क में बने MARQ पब में शुक्रवार रात जमकर हंगामा हुआ। यहां डीजे MA Faiza का शो चल रहा था, जिसमें हिंदू मंत्रों को गानों के रूप में बजाया जा रहा था। इस बात की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पब पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी पब संचालकों को चेतावनी दी थी कि ऐसे धार्मिक गीतों को शराब के नशे में झूमते हुए बजाना अनुचित है। बावजूद इसके यह शो आयोजित किया गया। शुक्रवार को जब वे शो बंद कराने पहुंचे तो बाउंसरों ने उन पर बोतलों से हमला कर दिया, जिससे एक कार्यकर्ता घायल भी हुआ। वहीं पब के बाहर भी तनाव का माहौल रहा और कथित रूप से कुछ अन्य लोगों के बीच मारपीट भी हुई। हालांकि संगठन का कहना है कि जिन लोगों के बीच झड़प हुई, वे उनके कार्यकर्ता नहीं थे।
यह भी पढे़ं: राजगढ़ जिला अस्पताल में डेढ़ करोड़ का घोटाला, भाजपा नेता समेत पांच गिरफ्तार
बजरंग दल के विभाग सह-संयोजक अविनाश कौशल ने आरोप लगाया कि डीजे MA Faiza पहले भी भगवान शिव के तांडव और राम धुन पर नशे की स्थिति में लोगों को नचवा चुका है, जिसका पहले भी विरोध किया गया था।
घटना पर लसूडिया थाना टीआई तारेश सोनी ने बताया कि पब में बजने वाले गानों को लेकर आपत्ति आई थी और पब के बाहर हुए हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।