सागर में चुनावी ड्यूटी के दौरान मतदान कर्मियों को मिले बासी खाने के पैकेट, खाने से किया इंकार

लोकसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान गोपालगंज स्थित लाल स्कूल में नजर आई। यहां दोपहर के वक्त कर्मचारियों को जो भोजन के पैकेट दिए गए, उनमें बासी खाना था, जो इस भीषण गर्मी में सड़ गया था।

Publish: May 07, 2024, 03:23 PM IST

सागर। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सागर संसदीय सीट पर आज मतदान हो रहा है। इस लाेकसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान कई खामियां भी नजर आईं। कई मतदान केंद्रों पर अव्यवस्थाएं होने से मतदान दल परेशान हो रहे है। सबसे बड़ी परेशानी गोपालगंज स्थित लाल स्कूल में नजर आई। यहां दोपहर के वक्त कर्मचारियों को जो भोजन के पैकेट दिए गए, उनमें बासी खाना था, जो इस भीषण गर्मी में सड़ गया था। जब कर्मचारियों ने खाने के पैकेट खोले तो उनसे बदबू आ रही थी। सभी कर्मचारियों ने खाने से इंकार कर दिया। वहीं जिन कर्मचारियों ने पैकेट खोल लिए थे, वे एक तरफ रख दिए।

इस पर कर्मचारियों का कहना है कि एक तो इतनी गर्मी हैं। हमने सुना है कि यह खाना बीती शाम को तैयार कराया गया था, फिन गर्मी में इतनी देर कैसे सुरक्षित रह सकता है। सुबह के समय मतदान कक्ष में पंखे भी नहीं थे, जहां बाद में व्यवस्था की गई। इसी तरह ठंडे पानी की कमी से भी कर्मचारी परेशान हो रहे । हालांकि कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। वहीं सड़ा खाना मिलने की सूचना पर गोपालगंज के वार्ड प्रतिनिधि वसीम खान आगे आए। उन्होंने अपने स्तर से कर्मचारियों को भोजन के पैकट उपलब्ध कराए। वसीम का कहना है कि खाना के पैकेट से बदबू उठ रही है। प्रशासन को कर्मचारियों के भोजन पर ध्यान देना चाहिए।