6-8 हफ्तों में चुनाव है, मुझे विश्वास है कि आप सच्चाई का साथ देंगे: कमलनाथ

कमलनाथ ने धार के राजगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती हमारे नौजवानों का भविष्य है। शिवराज सिंह ने घोटाला और भ्रष्टाचार से आज प्रदेश की पहचान बनाई हुई है।

Updated: Oct 05, 2023, 03:03 PM IST

धार। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को जन आक्रोश रैलियों के समापन के मौके पर धार में विशाल जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं और उन्होंने लोगों से शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व सीएम कमलनाथ लोगों ने कहा कि 6-8 हफ्तों में चुनाव होने वाले हैं, मुझे विश्वास है कि आप सच्चाई का साथ देंगे।

कमलनाथ ने जय जोहार-जय आदिवासी का नारा देते हुए कमलनाथ ने अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आज गोंडवाना की रानी दुर्गावती की जयंती है मैं उन्हें प्रणाम करता हूं। मैं सभी आदिवासी महा-मानवों को प्रणाम करता हूं। टंट्या मामा को प्रणाम करता हूं। भगवान बिरसा मुंडा को प्रणाम करता हूं। रघुनाथ शाह को प्रणाम करता हूं। शंकर शाह को प्रणाम करता हूं। भीमा नायक को प्रणाम करता हूं। खाज्या नायक को प्रणाम करता हूं। कमलनाथ ने कहा कि मुझे यहां आपके बीच में आकर बहुत खुशी हुई है। लेकिन प्रियंका जी मैं आपको बताना चाहता हूं कि आप ऐसे प्रदेश में आई हैं जो आज चौपट प्रदेश है।'

कमलनाथ ने आगे कहा, 'आज यह प्रदेश चौपट प्रदेश बन गया है। चौपट रोजगार व्यवस्था, चौपट कृषि व्यवस्था चौपट शिक्षा व्यवस्था, चौपट स्वास्थ्य व्यवस्था। आज प्रदेश की पूरी तस्वीर आपके सामने है। आज पूरा प्रदेश चौपट प्रदेश बन गया है। और जब मैं इन नौजवानों की ओर देखता हूं जोकि बड़ी संख्या में यहां उपस्थित हैं तो मुझे बड़ी चिंता होती है कि इनका भविष्य क्या होगा? आज सबसे बड़ी चुनौती हमारे नौजवान हैं और उनका भविष्य है। मैं स्वयं इस बात को मानता हूं कि आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती हमारे नौजवानों का भविष्य है।'

यह भी पढ़ें: शिशुपाल के अत्याचारों का घड़ा भर गया है, भगवान कृष्ण की तरह इन्हें खत्म कर दो, प्रियंका गांधी ने राजगढ़ में भरी हुंकार

पूर्व सीएम ने कहा, 'शिवराज सिंह कहते हैं कि हर एक साल मैं एक लाख लोगों की भर्ती कर रहा हूं अभी 11 महीने पहले ही शिवराज सिंह ने कहा था कि 1 लाख भर्तियां होने वाली हैं। लेकिन आज एक करोड़ नौजवान मध्य प्रदेश में बेरोजगार हैं, इसलिए मध्य प्रदेश में आज सबसे बड़ी चुनौती हमारे नौजवानों का भविष्य है। मैं शिवराज सिंह सिंह से कहना चाहता हूं कि आप 1 लाख भर्तियां छोड़िए बल्कि जो रिक्त पद है केवल उन्हें ही भर दीजिए। लेकिन सच्चाई आप सभी को पता है आज प्रदेश में भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं है। आज अपने प्रदेश का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का गवाह है या भ्रष्टाचार से पीड़ित है।'

कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'प्रदेश में भ्रष्टाचार की ऐसी व्यवस्था बनाई हुई है कि पैसे दो और काम लो। अगर आप पैसे देते हैं तो 50 एकड़ जमीन होने के बावजूद भी आपका नाम गरीबी रेखा के नीचे हो जाता है। हर चीज में आज घोटाला है। पटवारी घोटाला हुआ। इन्होंने महाकाल को भी नहीं छोड़ा, महाकाल में भी घोटाला कर दिया, पोषण आहार का घोटाला हुआ, यहां आपके यहां के डैम बनाने में भी घोटाला हुआ। शिवराज सिंह ने घोटाला और भ्रष्टाचार से आज प्रदेश की पहचान बनाई हुई है। भ्रष्टाचार की व्यवस्था आज नीचे से लेकर ऊपर तक है। मैं शिवराज सिंह जी से पूछना चाहता हूं कि आपने अपने 18 साल की में दिया क्या है? आपने बेरोजगारी दी, आपने भ्रष्टाचार दिया है, कोरोना काल में मौतें दी, माफिया राज दिया और आदिवासियों पर अत्याचार दिया। यह आदिवासी इलाका है और आपको पता है कि हमारा प्रदेश कैसा कलंकित हुआ है। आदिवासियों में सबसे ज्यादा अत्याचार पूरे देश कहीं है तो वह केवल मध्य प्रदेश में है और यह मेरा आंकड़ा नहीं है यह केंद्र सरकार का आंकड़ा है।'

पीसीसी चीफ ने आगे कहा, 'आज शिवराज सिंह जी को 18 साल बाद बहनें याद आई है, कर्मचारी याद आए हैं। क्योंकि चार-पांच हफ्तों में प्रदेश में चुनाव हैं लेकिन आपकी नौटंकी और नाटक करने की और दिखावा करने की राजनीति बहुत हो गई। क्या शिवराज सिंह को प्रदेश में खाद और बीच के लिए भटकता हुआ किसान नहीं दिखता। क्या आप उसकी समस्याओं को सुन नहीं सकते? ना आपके कान चलते हैं ना ही आंखें चलती है। लेकिन शिवराज सिंह चौहान का मुंह बहुत चलता है। मैं बताना चाहता हूं कि मुंह चलाने में और प्रदेश चलाने में बहुत अंतर है। शिवराज सिंह चौहान ने 18 साल में केवल इस प्रदेश को धोखा दिया है। आज शिवराज सिंह जी अपने जेब में एक नारियल लेकर चलते हैं सड़क के उद्घाटन में जाते हैं तो नारियल तो नहीं फूटता, लेकिन सड़क फूट जाती हैं। आज शिवराज सिंह चौहान कि झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है। आज शिवराज सिंह चौहान की सच्चाई को पूरे प्रदेश ने पहचान लिया है।'

कमलनाथ ने आगे कहा, '15 महीने हमने जो सरकार चलाई थी उसमें हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया था। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। धार में हमने 82000 किसानों का कर्ज माफ पहली किस्त में ही किया कर था। हमने 100 यूनिट फ्री बिजली दी थी, हमने प्रदेश में 1000 गौशाला में बनाकर इतिहास बनाया था। हमारा प्रदेश पांच राज्यों से घिरा है लेकिन फिर भी जिसको तमिलनाडु और केरल में अपना सामान बेचना है वह अपनी फैक्ट्री को पंजाब और हरियाणा में लगता है किसी भी निवेशक को आज मध्य प्रदेश पर विश्वास नहीं है। मेरा यही प्रयास था कि हमारी एक अलग पहचान बने हमारी पहचान एक विकसित राज्य की बने। 6-8 हफ्तों में जो चुनाव है मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह केवल एक उम्मीदवार का चुनाव नहीं है। यह चुनाव केवल किसी पार्टी का नहीं है यह चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। यह चुनाव हमारे मध्य प्रदेश के नौजवानों के भविष्य का है। मुझे आप सभी पर बहुत विश्वास है कि आप जब सच्चाई की तस्वीर प्रदेश की रखेंगे तो आप केवल सच्चाई का साथ देंगे और अगर आप सच्चाई का साथ देंगे तो मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहेगा।'