भोपाल। राजधानी भोपाल की कोहेफिजा पुलिस ने नकली नोट खपाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 500 रुपए के 280 नकली नोट बरामद किए हैं। जब्त नोटों की कुल कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और खुद को एमबीबीएस डॉक्टर बताता था। पुलिस को उसके पास से एक आईफोन, पेन ड्राइव और विदेशी सीरीज (+44) वाला मोबाइल नंबर भी मिला है। मामले में अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई बुधवार दोपहर सैफिया कॉलेज ग्राउंड के पास की गई। कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला को सूचना मिली थी कि एक युवक कम कीमत में नकली नोट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पश्चिम बंगाल निवासी सैफुल इस्लाम (27) बताया।
यह भी पढ़ें:उज्जैन रोड पर मिले 2.83 करोड़ रुपए, तीन बैग में रखे थे 500 के नोटों की गड्डियां, जांच में जुटी पुलिस
जांच में सामने आया है कि आरोपी साल 2024 से नकली नोटों के कारोबार में सक्रिय था। वह इससे पहले भी दो बार भोपाल आकर फर्जी करेंसी बाजार में चला चुका है। मई 2025 से वह शहर की गुलमोहर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था और इसी दौरान उसने शादी भी की थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 2 लाख रुपए की नकली करेंसी महज 60 हजार रुपए में खरीदकर लाया था। पिछले 10 दिनों में वह करीब 60 हजार रुपए के नकली नोट बाजार में खपा चुका है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि वह लोगों से 300 रुपए असली लेकर बदले में 500 रुपए का नकली नोट देता था। आरोपी ने जल्दी पैसा कमाने और बिना मेहनत अमीर बनने की चाह में इस धंधे में उतरने की बात कबूल की।
यह भी पढ़ें:MP में कांग्रेस का चक्काजाम, आगरा-मुंबई हाईवे पर थमी रफ्तार, ग्वालियर-मुरैना में कांग्रेसजन गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद नोट ऐसे विशेष कागज पर छपे मिले हैं जो नेपाल और पाकिस्तान में इस्तेमाल होने वाले पेपर से मिलते जुलते बताए जा रहे हैं। इसी वजह से मामले की जांच अब बड़े नेटवर्क और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को ध्यान में रखकर की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन में विदेशी नंबरों से बातचीत के संकेत भी मिले हैं। शुरुआती पड़ताल में यह भी सामने आया है कि वह साइबर ठगों को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। पुलिस को संदेह है कि आरोपी किसी विशेष विचारधारा से प्रभावित हो सकता है। इसी कारण उसे कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, संपर्कों और नकली नोट सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में रिश्ते शर्मसार, 75 वर्षीय वकील ने 5 साल की मासूम से किया दुष्कर्म