गुना में प्राइवेट स्कूल के फेयरवेल पार्टी के दौरान फायरिंग, लड़के ने छात्रा पर चलाई गोली

नजूल कॉलोनी स्थित डीएनडी स्कूल में फेयरवेल पार्टी के दौरान एक छात्र ने छात्र पर फायरिंग कर दी। छात्रा को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है।

Updated: Feb 12, 2023, 01:29 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना में एक प्राइवेट स्कूल के फेयरवेल पार्टी में फायरिंग की सूचना है। बताया जा रहा है कि स्कूल के ही एक छात्र ने फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रा पर गोली चला दी। गोली छात्रा के पास से गुजर गई लेकिन छर्रे छात्रा को लग गए। इससे छात्रा घायल हो गई। 

घटना नजूल कॉलोनी में स्थित डीएनडी सीनियर सेकंडरी स्कूल की है। रविवार दोपहर यहां 12वीं क्लास की फेयरवेल पार्टी चल रही थी। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे पीड़ित छात्रा से एक लड़की ने बोला कि आपको कोई बाहर बुला रहा है। छात्रा जब बाहर पहुंची, तो वहां शहरोक का रहने वाला एक लड़का बाहर खड़ा था। 

यह भी पढ़ें: हिंदू राष्ट्र बनाने का भ्रम न पालें, यह देश संविधान से चलेगा: भोपाल में बहुजनों ने भरी हुंकार

छात्रा के मुताबिक आरोपी उससे बात करने के लिए दवाब बना रहा था। इस दौरान उसने आरोपी के पास रखी बंदूक देख ली। बंदूक देख वह डर गई और अपने भाई को कॉल करने लगी। इसी बीच, लड़के ने उस पर फायर कर दिया। गोली छात्रा के हाथ के पास से निकली। छर्रे उसके हाथ में लगे। गोली चलाकर लड़का वहां से भाग गया। 

फायरिंग की आवाज सुनकर वहां आसपास के लोग आए और लड़की को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। फिलहाल आरोपी फरार है। हालांकि, पुलिस की टीम उसे शहर में ढूंढ रही है।