ब्यावरा में घर से स्कूल के लिए निकलीं पांच छात्राएं गायब, राघौगढ़ में मिला फोन का आखिरी लोकेशन

बुधवार को स्कूल के लिए निकलीं थी छात्राएं, देर शाम घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने थाने में किया हंगामा, पुलिस के मुताबिक गुना और राघौगढ़ में उनके फोन का लोकेशन ट्रेस किया गया है।

Updated: Nov 03, 2022, 07:13 AM IST

Representative Image: Outlook
Representative Image: Outlook

ब्यावरा। राजगढ़ जिले के ब्यावरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्कूल के लिए घर से निकलीं पांच छात्राएं गायब हैं। बुधवार देर रात जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने थाने जाकर जमकर हंगामा किया। पुलिस के मुताबिक छात्राओं का आखिरी लोकेशन गुना जिले के राघौगढ़ में ट्रेस किया गया है।

दरअसल, शाम तक जब ये छात्राएं स्कूल से घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। बाद में थाने में भी शिकायत दर्ज कराई। देर रात तक जब बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला तो आक्रोशित परिजनों ने थाने में हंगामा कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर राजगढ़ एसपी अवधेश कुमार गोस्वामी ब्यावरा पहुंचे। उन्होंने कहा कि छात्राओं की तलाश के लिए पुलिस टीमों को अलग-अलग लोकेशनों पर रवाना किया गया है। छात्राओं को ढूंढने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: रस्सी के सहारे नदी पार करते वक्त गिरने से किसान की मौत, MP में बदहाली की शर्मनाक दास्तां

ब्यावरा एसडीओपी नेहा गौर ने बताया कि पांचों छात्राएं शहर की कन्या शाला पढ़ती हैं। वे बुधवार सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकलीं थी। लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। छानबीन के दौरान एक छात्रा के मोबाइल फोन की लोकेशन गुना में ट्रेस की गई थी। इसके बाद राघौगढ़ में भी लोकेशन ट्रेस की गई। लेकिन यहां के बाद फोन बंद हो गया और उन्हें ट्रेस नहीं किया जा सका।

इसी बीच गायब छात्राओं की एक अन्य सहेली ने जानकारी दी कि पांचों बालिकाओं में से किसी एक का जन्मदिन था। सहेली के जन्मदिन की पार्टी मनाने वे सभी गुना गई हैं। हालांकि इस दावे का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं है। बहरहाल, पुलिस लापता छात्राओं की खोजबीन में जुटी है।