सिवनी में कार दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, बनारस से बैंगलोर जा रहा था परिवार

सिवनी में जबलपुर नागपुर हाईवे पर टोल प्लाजा के पास एक कार टैंकर में घुस गई, कार में सवार तीनों बच्चों की जान बच गई

Updated: Dec 22, 2020, 03:25 PM IST

Photo Courtesy: News Unique
Photo Courtesy: News Unique

भोपाल। सिवनी में जबलपुर नागपुर हाईवे पर एक तेज़ रफ्तार कार टोल प्लाजा के पास खड़ी एक टैंकर में घुस गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। जिनमें तीन महिलाएं शामिल थीं। हालांकि सोमवार शाम हुए इस भीषण हादसे में कार में मौजूद तीनों बच्चे ज़िन्दा बच गए। परिवार बनारस से बैंगलोर जा रहा था।

यह दुर्घटना सोमवार शाम को नेशनल हाईवे के बंडोल थाना क्षेत्र में हुई। एक तेज़ रफ्तार में आती हुई कार टोल प्लाजा पर खड़े एक टैंकर में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन घायलों को ज़िला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। 

बंडोल पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बनारस से एक परिवार कार से निरमंगला, बेंगलुरु जा रहा था। बंडोल के पास अलोनिया टोल नाके पर तेज रफ्तार और सामने नाका नजर नहीं आने के कारण कार वहां खड़े टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि काफी दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। हादसे के बाद का मंजर बेहद दर्दनाक था। कार के परखच्चे उड़ चुके थे और शव कार में ही फंस गए थे। घायल हुए लोग भी कार में फंस गए थे।

दैनिक भास्कर के मुताबिक हादसे के बाद स्थानीय लोगों और टोल नाका कर्मचारियों ने वाहन से घायलों और शवों को निकालने की कोशिश की। लोगों को बाहर निकालना काफी मुश्किल हो रहा था। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। इस सड़क हादसे में परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन बच्चे ही जिंदा बच सके हैं। इनके नाम श्रेया, प्रखर और वंदना हैं। वंदना ने ही पुलिस को परिजन के नाम की जानकारी दी।