मंदसौर में रोजा इफ्तार के बाद 100 से ज्यादा लोग हुए फूड पॉइजनिंग के शिकार, अस्पताल में कराना पड़ा भर्ती

रोजा इफ्तार कार्यक्रम में करीब 800 लोग शामिल हुए थे। लोगों ने जैसे ही इफ्तारी की वैसे ही कुछ देर बाद एक के बाद एक लोग बीमार होते गए।

Updated: Apr 20, 2023, 02:47 PM IST

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर में 100 से ज्यादा लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। दरअसल, बुधवार को यहां रोजे की नमाज के बाद इफ्तार पार्टी का आयेाजन किया गया था। इस आयेाजन में करीब 800 लोग शामिल हुए थे। लोगों ने जैसे ही इफ्तारी की वैसे ही कुछ देर बाद एक के बाद एक लोग बीमार होते गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मंदसौर के कुलतली थाना क्षेत्र अंतर्गत पखिरालय गांव में इफ्तार पार्टी का आयेाजन किया गया था। इस इफ्तार पार्टी में आस पास के क्षेत्र के करीब 800 लोग शामिल हुए थे। जिसमें लोगों ने अपने रोजे को खोला और खाना खाया। इफ्तारी खाने के कुछ घंटों बाद पूरे मोहल्ले में देखते ही देखते घरों से लोग घबराकर बाहर आने लगे। अधिकांश लोगों को उल्टी व दस्त की शिकायत हो रही थी।

यह भी पढ़ें: 65 की उम्र में कबड्डी खेलने उतरे MP के वित्त मंत्री, छात्रों ने टांग खींचकर दी पटखनी

बताया जा रहा है कि देखते ही देखते रात 12 बजे तक लगभग 100 से ज्यादा लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। जिन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, सुबह 5 बजे के बाद धीरे-धीरे लोग ठीक होने लगे। गनीमत रही कि किसी की तबियत ज्यादा खराब नहीं हुई। 

ग्रामीणों के मुताबिक इफ्तार पार्टी के दौरान कई तरह के व्यंजन रखे गए थे। जिनमें तरह तरह के फल से लेकर मिठाई भी शामिल थी। इफ्तार पार्टी में मावे की बनी मिठाई भी थी। लोगों को आशंका है कि मावे की बनी मिठाई खाने से ही फूड पॉइजनिंग हुई। ग्रामीणों का कहना है कि मावा काफी दिन पुराना था।