पूर्व भाजपा विधायक के बेटे की गुंडागर्दी, अस्पताल में डॉक्टर को धमकाया, डॉक्टर ने दिया इस्तीफा

जबलपुर के सिहोरा से भाजपा विधायक रहे दिलीप दुबे के बेटे राजा दुबे ने शासकीय अस्पताल में घुसकर किया हंगामा, डॉक्टर के साथ की बदसलूकी

Updated: Dec 27, 2022, 05:31 AM IST

सिहोरा। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा नेता के बेटे की धमकी के बाद एक शासकीय डॉक्टर ने इस्तीफा दे दिया। मामला जबलपुर के सिहोरा शासकीय अस्पताल का है। यहां एक सीनियर डॉक्टर ने नेता पुत्र की धमकी और गुंडागर्दी से परेशान होकर इस्तीफा दे दिया।

जानकारी के मुताबिक पूर्व भाजपा विधायक दिलीप दुबे के बेटे राजा दुबे रविवार को अपने ड्राइवर को लेकर शासकीय सिविल अस्पताल सिहोरा पहुंचे थे। उनके ड्राइवर का पैर फैक्चर हो गया था। अस्पताल में प्लास्टर बांधने को लेकर राजा दुबे ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर चिन्मय प्रधान अस्पताल की ऊपरी मंजिल से नीचे उतरकर आ गए। 

चिन्मय प्रधान को देखते ही राजा दुबे उनसे बहस करने लगा। इस बीच राजा दुबे और अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर चिन्मय प्रधान के बीच विवाद हुआ। तो दुबे अपने रसूख का हवाला देते हुए उन्हें धमकाने लगा। विवाद की सूचना पर प्रभारी डॉ. सुनील लटियार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए मामले को शांत करवाया। 

इस घटना परेशान होकर डॉ. चिन्मय प्रधान ने शिकायती पत्र अस्पताल प्रभारी को सौंपते हुए इस्तीफा भी दे दिया। डॉक्टर प्रधान ने कहा है कि वह इस स्थिति में काम नहीं कर सकते, इसलिए अब अस्पताल नहीं आएंगे।