Arun Yadav : क्या BJP कार्यकर्ता सिर्फ दरियां बिछाएंगे

MP BJP Politics: कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कांग्रेस MLA के इस्तीफ़े और BJP में शामिल करवाने पर कसा तंज

Updated: Jul 25, 2020, 06:21 AM IST

photo courtesy : naidunia
photo courtesy : naidunia

 भोपाल। मध्य प्रदेश में सियासी घटनाक्रम बड़ी तेज़ी से बदल रहा है। एक तरफ जहां सिंधिया खेमे के विधायकों के बीजेपी में शामिल होने से कई नेता पार्टी आलाकमान से नाराज़ चल रहे हैं तो वहीं एक के बाद एक कांग्रेसी विधायक पार्टी छोड़ रहे हैं। शुक्रवार को मांधाता विधानसभा सीट से विधायक नारायण पटेल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। जिस वजह से अब प्रदेश में 27 सीटों पर उपचुनाव होंगे। नारायण पटेल अरुण यादव के खेमे के माने जाते हैं। ऐसे में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। अरुण यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा है कि क्या उपचुनाव में बीजेपी के कार्यकर्ता सिर्फ दरियां बिछाने का काम करेंगे।

अरुण यादव ने कहा है कि यदि खरीद फ़रोख़्त का यह धंधा इसी प्रकार जारी रहा तो आगामी उपचुनाव में दोनों ओर से कांग्रेस के ही प्रत्याशी परस्पर चुनाव लड़ेंगे और भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ दरियां ही बिछाएंगे ?

बीजेपी को उपचुनाव में हार का डर सता रहा है 
पूर्व पीसीसी चीफ़ अरुण यादव ने कहा है कि बीजेपी को उपचुनाव में हार का डर सता रहा है। अरुण यादव ने कहा है कि भाजपा सत्ता की भूखी सरकार और विचारधारा प्रदेश मे उपचुनाव के बाद अपने भविष्य को लेकर चिंतित है।एक लोकतांत्रिक निर्वाचित सरकार को सौदेबाज़ी कर उसने सत्ता की चाबी तो हथिया ली है किंतु उपचुनाव परिणाम उस पर ताला लगा देंगे। यही आशंका उसे तोड़फोड़ व खरीद फरोख्त करने के लिए मजबूर कर रही है। 

अरुण यादव ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा है कि 'गुप्तचर एजेंसियों की वास्तविक रिपोर्टस में भाजपा को इस बाबद जानकारी मिल गई है कि गद्दारों - बिकाऊओं की फ़ौज़ के अधिकांश लोगों की हार सुनिश्चित है, इसी भय से वह निम्न हथकंडे अपना रही है।' 

बीजेपी सिंधिया से मुक्ति पाने का रास्ता खोज रही है
कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा है कि बीजेपी सिंधिया द्वारा की जा रही राजनीतिक ब्लैकमेलिंग से तंग आ चुकी है। इसलिए वह सिंधिया से मुक्ति पाने की संभावनाओं की तलाश में निम्नस्तरीय मैनेजमेंट का रास्ता अपना कर उनसे मुक्ति पाने का रास्ता खोज रही है। 

बीजेपी कांग्रेस का मनोबल नहीं तोड़ पाएगी 
अरुण यादव ने बीजेपी द्वारा की जा रही कांग्रेसी विधायकों की खरीद फरोख्त पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि बीजेपी कांग्रेस का मनोबल नहीं तोड़ पाएगी। यादव ने कहा है कि 'पार्टी विद-ए-डिफरेंस का थोथा दावा करने वाली भाजपा ऐसे कुकृत्यों से अंग्रेजों से लड़ चुकी पार्टी और उसके निष्ठावान कार्यकर्ताओं के जज़्बाती मनोबल को तोड़ नहीं पाएगी।