कुनो नेशनल पार्क से फिर आई बड़ी खुशखबरी, मादा चीता गामिनी ने पांच शावकों को दिया जन्म

कूनो में चीतों का कुनबा बढ़ने लगा है। अब 13 शावकों समेत चीतों की कुल संख्या 26 हो गई है।

Updated: Mar 11, 2024, 09:18 AM IST

श्योपुर। करीब डेढ़ साल पहले शुरू हुए चीता प्रोजेक्ट में अब कामयाबी मिलने लगी है। मध्य प्रदेश स्थित कूनों नेशनल पार्क से एक बार फिर बड़ी खुशखबरी आई है। यहां मादा चीता गामिनी ने पांच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई है। इनमें 13 शावक हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कूनो की टीम को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 5 नवजात शावकों का स्वागत है। कूनो नेशनल पार्क से खुशखबरी है कि चीतों के कुनबे में वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश को चीतों की सौगात दी और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रेरणा प्रदान करते हुए मार्गदर्शन दिया। वन्यजीवों के संरक्षण, विशेषकर चीतों के अस्तित्व के लिए अनुकूल वातावरण बनाने हेतु समर्पित पूरी टीम को बधाई देता हूं।'

महत्वाकांक्षी चीता परियोजना के तहत 17 सितंबर 2022 को आठ नामीबियाई चीतों को कूनो नेशनल पार्क में बाड़ों में छोड़ा गया था, जिनमें पांच मादा और तीन नर चीते थे। फरवरी 2023 में, अन्य 12 चीतों को दक्षिण अफ्रीका से उस उद्यान में लाया गया। गामिनी दक्षिण अफ्रीका से लाए गए चीतों में शामिल है।