गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस की तबियत बिगड़ी, CM मोहन यादव की मीटिंग से लौटने के बाद हुए बीमार

मध्य प्रदेश के गुना जिला कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस की तबीयत बिगड़ी गई है। उन्हें जिला अस्पताल के ICU वार्ड में भर्ती कराया गया है।

Updated: Jan 05, 2024, 05:52 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिला कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस की तबीयत बिगड़ी गई है। उन्हें जिला अस्पताल के ICU वार्ड में भर्ती कराया गया है। उन्हें आवश्यक जांच के लिए भोपाल रेफर करने की तैयारी चल रही है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस ग्वालियर में CM के साथ आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए गए थे। देर रात वहां से वापस गुना लौटे थे। शुक्रवार सुबह वह सर्किट हाउस में थे, तभी अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई।

बताया जा रहा है कि अचानक उनके पेट में तेज दर्द हुआ। दर्द इतना अधिक बढ़ गया कि वे वहीं पर सोफे पर बैठे-बैठे लेट गए। जैसे ही गुना कलेक्टर की तबीयत बिगड़ने की खबर डॉक्टरों तक पहुंची तो उनकी टीम उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंच गई।

अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने मीडिया को बताया कि अब उनकी हालत में पहले से सुधार है. कुछ गैस की समस्या हुई थी, जिसकी वजह से उनको तेज दर्द हुआ था। हालांकि डॉक्टर उनकी बाकी की जांचें कर रहे हैं। बेहतर इलाज के लिए गुना कलेक्टर को भोपाल भी रैफर किया जा रहा है। इसके लिए एंबुलेंस भी बुलाई गई है।

अमनवीर सिंह बैंस मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस के बेटे हैं। इकबाल सिंह बैंस हाल ही में मुख्य सचिव के पद से रिटायर हुए हैं और वे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी थे। इकबाल सिंह बैस मध्य प्रदेश की ब्यूराेक्रेसी पर ऐसा पकड़ था कि उनकी पॉवर से परेशान होकर शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे महेंद्र सिंह सिसाेदिया ने उनको निरंकुश तक बोल दिया था।