ग्वालियर: भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर युवा जोड़ो अभियान, गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी से जोड़ रहे कांग्रेस नेता

पिछले तीन महीने से ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा में युवा जोड़ो अभियान चला रहे हैं केदार कंसाना, गांवों के हजारों की संख्या में युवाओं को कांग्रेस पार्टी के साथ जोड़ने का दावा।

Updated: Jan 16, 2023, 08:28 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश कांग्रेस मिशन 2023 के लिए जोर शोर से जुटी हुई है। ग्वालियर अंचल में कांग्रेस अलग रणनीति पर काम कर रही है। यहां भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर पार्टी युवा जोड़ो अभियान चला रही है। यह अभियान पिछले तीन महीने से जारी है और करीब 20 हजार युवाओं को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का दावा किया गया है।

कांग्रेस के सीनियर नेता और ग्वालियर जिले के पूर्व लोकसभा अध्यक्ष केदार कंसाना के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर युवा जोड़ो अभियान ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में चलाए जा रहा है। कंसाना ने बताया कि वह गांव-गांव घूम कर कांग्रेस पार्टी से युवाओं को जोड़ रहे हैं। 

कंसाना के साथ क्षेत्र के सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कदम से कदम मिलाकर अभियान को मजबूती दे रहे हैं। युवा जोड़ो अभियान के तहत अभी तक उन्होंने विधानसभा के सैंकड़ो गांव में पहुंचकर 20,000 से ज्यादा युवाओं को कांग्रेस पार्टी के साथ जोड़ दिया है। वहीं यह अभियान अभी लगातार जारी रहेगा। 

यह भी पढ़ें: रिमोट वोटिंग प्रणाली का विरोध करेंगे विपक्षी दल, कांग्रेस की पहल पर सोलह विपक्षी पार्टियों में बनी सहमति

कंसाना ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा के साथ ही अंचल में कांग्रेस 2018 के परिणामों की तर्ज पर एक बार फिर दमदार जीत दर्ज कर सरकार बनाने में कामयाब हो सके, इसलिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

युवा जोड़ो अभियान के जरिये सरकार बनाने के कांग्रेस के दावे पर बीजेपी ने पलटवार किया है। ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा से विधायक भरत सिंह कुशवाहा का कहना है कि मध्य प्रदेश सीएम शिवराज के नेतृत्व में पूरी तरह सुरक्षित है। बीजेपी की सरकार प्रदेश में हर तबके, वर्ग, समाज का ध्यान रखती हैं। पूरे प्रदेश में जो विकास और प्रगति हो रही है, वह नजर भी आता है। लोग देखें कि पहले और आज के मध्य प्रदेश में कितना अंतर है।