तोमर जी के लड़के का वीडियो देखा, यहां रेस लगी है कि कौन ज्यादा पैसा लूटेगा, नीमच में गरजे राहुल गांधी

PM मोदी ने नीमच में कहा कि हमने मध्य प्रदेश में 500 फैक्ट्रियां खोली हैं, ये फैक्ट्रियां किसी को नजर आईं? पहले कहा था कि 15 लाख रुपए अकाउंट में डाल देंगे, काले धन को मिटा देंगे, इन्हें शर्म ही नहीं है: राहुल गांधी

Updated: Nov 13, 2023, 03:04 PM IST

नीमच। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान अब अपने अंतिम पड़ाव में है। प्रचार के आखिरी दिनों में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के सभी बड़े नेता प्रदेशभर में रैलियां कर रहे हैं। राहुल गांधी भी सोमवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर ही हैं। उन्होंने नीमच जिले के जावद विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देवेंद्र तोमर के वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि यहां चोरी करने की रेस लगी हुई है।

राहुल गांधी ने जावद में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आपने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जी के बेटे का वीडियो देखा? वीडियो कॉल पर क्या बात कर रहे हैं? वे आपका पैसा चोरी कर रहे हैं। यहां के जो भाजपा के विधायक हैं, मंत्री हैं वो भी कोई कम नहीं हैं। तोमर जी और इनमें रेस चल रही है की कौन मध्य प्रदेश के किसानों से, मजदूरों से ज्यादा से ज्यादा पैसा चोरी करेगा।'

राहुल गांधी ने जावद में चुनावी सभा में दावा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस स्वीप करने जा रही है। भारी बहुमत से हमारी सरकार आएगी। उन्होंने PM मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'उन्होंने यहां आकर कहा है कि हमने मध्य प्रदेश में 500 फैक्ट्रियां खोली हैं, ये फैक्ट्रियां किसी को नजर आईं? पहले कहा था कि 15 लाख रु. बैंक अकाउंट में डाल देंगे, काले धन को मिटा देंगे। शर्म ही नहीं है।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'पहले नरेंद्र मोदी जहां भी जाते थे, वहां कहते थे कि मैं OBC हूं। जब से मैंने जातीय जनगणना की बात कही है, तब से कहने लगे हैं कि हिंदुस्तान में कोई जात नहीं है, सिर्फ गरीब हैं। जातीय जनगणना की बात उनके मुंह से नहीं निकलती।' उन्होंने आगे कहा, 'मैंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4000 किलोमीटर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' की। इस यात्रा में लाखों लोग मेरे साथ चले, जहां मैंने हजारों लोगों से बात की। इस दौरान जब मैं मध्य प्रदेश के युवाओं से पूछता था- आप क्या करते हैं? जवाब आता था- कुछ नहीं करता, बेरोजगार हूं। मध्य प्रदेश के ये हालात हैं।' 

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'मध्य प्रदेश में हमारी सरकार ने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, तभी भाजपा और बड़े-बड़े उद्योगपतियों ने आपकी सरकार आपसे चोरी कर ली। विधायकों को पैसा देकर भ्रष्ट सरकार वापस ले आए। मध्य प्रदेश हिंदुस्तान में भ्रष्टाचार की राजधानी है।' उन्होंने कहा, 'कुछ दिन पहले मैं छत्तीसगढ़ के किसानों से मिला। मैंने उनसे पूछा कि आपकी जमीन की क्या कीमत है? उन्हें अपनी जमीन की कीमत नहीं मालूम थी। कारण पूछा तो बताया कि BJP की सरकार थी तो कर्ज में जीता था, सोचता था जाने कब आत्महत्या करने की जरूरत पड़ जाए। लेकिन कांग्रेस सरकार ने हमारा कर्ज माफ कर दिया और धान के लिए हमें अच्छे पैसे मिल जाते हैं। ऐसे में जमीन क्यों बेचना... और जब जमीन बेचनी नहीं तो कीमत जानकर क्या करूंगा। 

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'मध्य प्रदेश में 18 वर्ष के भाजपा की शासन में 18 हजार किसानों ने आत्महत्या की है। छत्तीसगढ़ में हमने सरकार में आते ही धान के लिए देश में सबसे ज्यादा कीमत दी। फिर हमने कृषि मजदूर को भी हर साल 7,000 रुपए दिए। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की गारंटी के साथ किसान और मजदूर मजबूत हुए, साथ में राज्य की अर्थव्यवस्था भी बेहतर हो गई। कांग्रेस की मध्य प्रदेश के लिए भी यही सोच है।'