भोपाल में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश, किसानों को 4 इंच बारिश होने पर ही बोवनी की सलाह

प्री-मानसून एक्टिविटी के चलते जबलपुर, छिंदवाड़ा समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट है। यहां बारिश के साथ 50-60 Km प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है।

Updated: Jun 18, 2024, 03:16 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में मॉनसून की एंट्री में लेट हो रही है। हालांकि, प्री मॉनसून एक्टिविटी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को प्री-मॉनसून की स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी देखने को मिल रही है। दोपहर में भोपाल गरज चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। 

अशोकनगर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 15 मिनट तक बारिश का दौर चला। उधर, छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में तेज बारिश के चलते भाजपा की चुनावी रैली निरस्त कर दी गई। प्री-मानसून एक्टिविटी के चलते जबलपुर, छिंदवाड़ा समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट है। यहां बारिश के साथ 50-60 Km प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। 

बदलते मौसम के बीच मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मानसून आने के बाद 4 इंच बारिश होने पर ही बोवनी करें। IMD, भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। इस वजह से बारिश हो रही है। 18 जून को लोकल सिस्टम स्ट्रॉन्ग रहेगा। इसके चलते जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में आंधी-बारिश का रेड अलर्ट है। बाकी जगहों पर भी आंधी, बारिश होने का अनुमान है।