कटनी में तेज़ रफ़्तार हाइवा ने मारी टक्कर, तीन साइकिल सवार युवाओं की मौत

कटनी नेशनल हाईवे पर साइकिल सवार युवकों को हाइवा ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी और फरार हो गया

Updated: Mar 28, 2021, 01:14 PM IST

Photo courtesy: bhaskar
Photo courtesy: bhaskar

भोपाल। कटनी ज़िले के बड़वारा नेशनल हाइवे पर बड़ा हादसा हुआ है। एक बेलगाम हाइवा ने चार साइकिल सवार युवाओं को टक्कर मारकर जान ले ली। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन साइकिल सवार युवाओं की मौक़े पर मौत हो गयी। जबकि एक गंभीर रूप से घयाल है। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हाइवा ड्राइवर की तलाश कर रही है। फ़िलहाल ड्राइवर पुलिस की पकड़ से बाहर है।

 घटना बड़वारा थाना क्षेत्र के दतला नदी के समीप एनएच-43 की है। जानकारी के अनुसार बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नैगवां के रहने वाले राजेश सिंह पिता मजबूत सिंह उम्र 22 वर्ष, कुलदीप सिंह पिता संतोष सिंह उम्र 19 वर्ष, अजीत सिंह पिता अशोक सिंह 14 वर्ष, रणजीत सिंह पिता हनुमान सिंह उम्र 14 वर्ष शनिवार शाम 8 बजे साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी दतला नदी के करीब पीछे से आ रहे वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिसमें राजेश सिंह गंभीर रूप से घायल है एवं दो नाबालिग सहित एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है।

इस घटना के बाद से क्षेत्र जनों में खासा आक्रोश है। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही  बड़वारा कांग्रेस विधायक बसंत सिंह मौके पर पहुंचे औऱ घायलों की मदद की तथा दुर्घटना में जान गवाने वालों के प्रति दुःख जताया। बड़वारा के ग्राम नैगवां में हुए सड़क हादसे में मृत हुए कुलदीप सिंह, अजीत सिंह और रंजीत सिंह को क्षेत्रीय सांसद हिमाद्री सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।