इंदौर: BJYM नेताओं में जूतम पैजार, नगर अध्यक्ष की हुई पिटाई, प्रदेश अध्यक्ष के साथ भी अभद्रता

इंदौर में एक ढाबे पर हुई मारपीट, ढाबे के अंदर शुरू हुआ झगड़ा सड़क पर भी चलता रहा, पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

Updated: Jun 11, 2023, 04:12 AM IST

इंदौर। चुनावी सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट के आरोप भाजयुमो के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ और उनके समर्थकों पर लगे हैं। इस दौरान बीच बचाव करने पर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार के साथ भी अभद्रता की गई।

मामला भंवरकुआं क्षेत्र का है। घटना शनिवार शाम करीब 5 से 6 बजे के आस पास की है। भाजयुमो के शहर अध्यक्ष सौगात मिश्रा शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ ढाबे पर चर्चा के लिए पहुंचे थे। मौके पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार भी मौजूद थे। इसी दौरान सौगात मिश्रा ने भाजयुमो के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ के पिता पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसके बाद गुस्साए गौड़ समर्थकों ने उन्हें पीट दिया।

मारपीट के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढाबे में भी जमकर तोड़फोड़ की। सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद हुई है और वहां के वीडियो वायरल हो रहे हैं। मारपीट में प्रदेश अध्यक्ष का कुर्ता भी फट गया। सूचना पर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मामला शांत करवाया। अब दोनों पक्षों को भाजपा के पार्टी कार्यालय पर बुलाया गया है। 

घटना के बाद शुभेंद्र अपने समर्थकों के साथ मौके से निकल गए वहीं सौगात मिश्रा, प्रदेशाध्यक्ष सहित जावरा कंपाउंड स्थित बीजेपी कार्यालय पर भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के पास पहुंचे और घटनाक्रम बताया। सूचना मिलते ही बीजेपी कार्यालय में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई।

सौगात मिश्रा के समर्थन में आए कार्यकर्ता कार्रवाई पर अड़ गए। मामले को लेकर जब नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि 'हमारे संगठन के मुखिया माननीय अध्यक्ष जी को जो विषय था मैंने बता दिया है'।