छोड़कर भागना सिंधिया का खानदानी रिवाज है, जन आक्रोश यात्रा के दौरान ज्योतिरादित्य पर बरसे अरुण यादव

हमारी योजनाओं का कॉपी पेस्ट कर रही है भाजपा सरकार, जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है, शिवराज सरकार का जाना तय: अरुण यादव

Updated: Sep 20, 2023, 07:34 PM IST

दमोह। कांग्रेस प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ जन आक्रोश यात्राएं निकाल रही है। बुंदेलखंड क्षेत्र में यात्रा का नेतृत्व कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोला है। यादव ने सिंधिया के बगावत पर कहा कि छोड़कर जाना उनका खानदानी रिवाज है।

दरअसल, जन आक्रोश यात्रा के दूसरे दिन अरुण यादव प्रेस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जब उनसे पूछा गया प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराने का दोषी कौन है? इस सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता अरुण यादव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को आड़े हाथ लिया। यादव ने कहा, 'सिंधिया जी के बारे में तो मैंने कई बार कहा है कि उनका तो खानदानी रिवाज है। कोई नई बात नहीं। इनका इतिहास तो अंग्रेजों के जमाने का है।"

अरुण यादव ने आगे कहा कि जो चले गए वह अब वह चर्चा का विषय नहीं हैं। जो गए हैं उससे उनकी नियत साफ समझ में आती है और सिंधिया जी के बारे में तो मैंने कई बार कहा है, उनका तो खानदानी रिवाज है। यादव ने इस दौरान भाजपा सरकार पर कांग्रेस की घोषणाओं का कॉपी पेस्ट करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'महिला आरक्षण बिल का मुद्दा हमारा है। उसे हमने उठाया था इसलिए हम उसका समर्थन कर रहे हैं। सीएम शिवराज के पास प्रदेश की जनता के लिए अब कुछ नहीं है इसलिए जब भी हम कोई घोषणा कर रहे हैं वह उसे कॉपी पेस्ट करते है।' 

यादव ने उदाहरण देते हुए कहा, 'जैसे हमने सिलेंडर के दाम कम करने की बात कही तो उन्होंने कर दिया। नारी सम्मान योजना लेकर हम आये उसे लाडली बहना योजना बनाकर वह उसे कॉपी पेस्ट कर रहे हैं। हम उनसे जानना चाहते हैं 18 साल मिले थे, तब आपको किसने रोका था। आप जो चाहे कर सकते थे, लेकिन तब कुछ नहीं किया। अब हम जानना चाहते हैं कि कितने बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिया, कितनी बहनों की सुरक्षा की।'

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के नेतृत्व में बुंदेलखंड क्षेत्र में निकाली जा रही आक्रोश यात्रा, आज दूसरे दिन दमोह विधानसभा से शुरू होकर पथरिया विधानसभा पहुंची। दमोह विधानसभा क्षेत्र में भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लेकर शुरू यात्रा हुई। वहीं, पथरिया पहुंचने पर यादव ने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया।