मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का स्वागत करना पड़ा भारी, इंदौर कांग्रेस के शहर व ग्रामीण जिलाध्यक्ष हुए सस्पेंड

पार्टी ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत चड्ढा और ग्रामीण अध्यक्ष सदाशिव यादव को उप संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने नोटिस जारी कर 7 दिन के के अंदर स्प्ष्टीकरण भी मांगा है।

Updated: Jul 30, 2024, 04:50 PM IST

इंदौर। इंदौर कांग्रेस कार्यालय में भाजपा महासचिव व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का स्वागत करना पार्टी पदाधिकारियों को भारी पड़ रहा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इंदौर शहर अध्यक्ष सुरजीत चड्‌ढा और ग्रामीण अध्यक्ष सदाशिव यादव को सस्पेंड कर दिया। पार्टी ने साफ कर दिया है कि दोनों से 7 दिन में जवाब मांगा था। संतुष्टिजनक जवाब आने तक दोनों सस्पेंड रहेंगे।

और पढ़े: मुरैना: तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, दो कांवड़ियों की मौत, 10 घायल

मामला 12 जुलाई का है जब एक पेड़ मां के नाम अभियान में कांग्रेस का सहयोग मांगने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय गांधी भवन कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय व अन्य भाजपा नेताओं का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया था। इसे लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखी जा रही थी। अब पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

पार्टी के उप संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत चड्ढा और ग्रामीण अध्यक्ष सदाशिव यादव को नोटिस जारी कर कहा कि एक ऐसा व्यक्ति जिसने मां अहिल्या की नगरी में लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या की। इंदौर की जनता से उनके मत का अधिकार छीनने का कृत्य करके देश-विदेश में इंदौर को शर्मसार किया, जिसकी निंदा इंदौर वासियों ने भी करीं। ऐसे व्यक्ति का स्वागत सत्कार इंदौर जिला कांग्रेस कमेटी गांधी भवन में करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता हैं। 

नोटिस में आगे लिखा गया है कि आप 7 दिवस में अपना स्पष्टीकरण देवे। इस अवधि में आपको आपके वर्तमान पद से निलंबित किया जाता है। बता दें कि पिछले दिनों लोकसभा चुनाव के समय कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने ही कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय क्रांति बम को बीजेपी में शामिल करवाया था। इसके बाद इंदौर से इतिहास में पहली बार 2024 लोकसभा चुनाव में कोई भी प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ सका। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विजयवर्गीय को लेकर नाराजगी है और उनका स्वागत किया जाना जमीनी कार्यकर्ताओं को पसंद नहीं आया।