जबलपुर कलेक्टर के बेटे की हीट स्ट्रोक से मृत्यु, दिल्ली AIIMS में इलाज के दौरान तोड़ा दम

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह दिल्ली में अमोल सक्सेना के केयरटेकर जब उन्हें देखने के लिए गया, तब उनकी स्थिति काफी चिंताजनक थी। जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया।

Updated: Jun 03, 2024, 09:46 AM IST

जबलपुर। देश में गर्मी का कहर जारी है। उत्तर भारत में भीषण गर्मी के कारण कई लोग दम तोड़ चुके हैं। इसी बीच खबर आई है कि जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के बेटे अमोल सक्सेना का हीट स्ट्रोक से मौत हो गया। अमोल दिल्ली में फिल्म स्टडीज का कोर्स कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह दिल्ली में अमोल सक्सेना के केयरटेकर जब उन्हें देखने के लिए गया, तब उनकी स्थिति काफी चिंताजनक थी। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

बेटे की हालात खराब होने की सूचना पर कलेक्टर दीपक सक्सेना नागपुर से दिल्ली जाने के लिए रवाना हुए थे। लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही बेटे की मौत की खबर आ गई। सोमवार को दिल्ली एम्स में पोस्टमार्टम होने के बाद एयर एंबुलेंस से अमोल का शव जबलपुर लाया जाएगा। यहां ग्वारीघाट पर उनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार होगा।

दीपक सक्सेना मूल रूप से उज्जैन के रहने वाले हैं। उनके बेटे अमोल सक्सेना दिल्ली में फिल्म स्टडीज से संबंधित कोई कोर्स कर रहे थे। कलेक्टर दीपक सक्सेना की एक बेटी भी है, जो दिल्ली में ही निजी कंपनी में जॉब करती है। कलेक्टर दीपक सक्सेना के बेटे के निधन पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा समेत तमाम नेताओं ने शोक जताया है।