कांग्रेस कैंपेन कमेटी के उपाध्यक्ष बने जीतू पटवारी, विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मिली बड़ी जिम्मेदारी

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश में कैंपेन कमेटी का उपाध्यक्ष बनाया है।

Updated: Sep 22, 2023, 10:46 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस युद्धस्तर पर जुटी है। पार्टी में संगठनात्मक फेरबदल और नियुक्तियों का दौर भी जारी है। इसी क्रम में अब पार्टी ने जीतू को बड़ी जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से शुक्रवार सुबह इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी की गई है। इसमें कहा गया है, 'कांग्रेस अध्यक्ष ने जीतू पटवारी को तत्काल प्रभाव से मध्य प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी का को-चेयरमैन (सह अध्यक्ष/ उपाध्यक्ष) नियुक्त किया है।' वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया इस कमेटी को हेड कर रहे हैं।

बता दें कि दो हफ्ते बाद मध्य प्रदेश में आचार संहिता लागू होने की संभावना है। उससे ठीक पहले कांग्रेस प्रदेश के सात विभिन्न हिस्सों से जन आक्रोश यात्राएं निकाल रही है। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी को बूस्ट करने की कोशिश में है। यात्रा के रूट क्रमांक 7 का नेतृत्व जीतू पटवारी कर रहे हैं। 

गुरुवार को पटवारी के नेतृत्व में गांधी सागर से जन आक्रोश यात्रा प्रारंभ हुई और भानपुर, मेलखेड़ा, सुवासरा होते हुए सीतामऊ पहुंची। शुक्रवार सुबह यात्रा जावरा से शुरू हुई है और शाम तक रतलाम पहुंचेगी। जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा में भारी भीड़ देखने को मिल रहा है।