जेपी नड्डा का आना, भाजपा के जाने का शुभ संकेत, बीजेपी के जन आशीर्वाद यात्रा पर बोले सुरजेवाला

शिवराज सिंह चौहान जी वोट नहीं माफी मांगो, नड्डा जी आप जवाब दीजिए 18 सालों में मध्य प्रदेश को क्यों किया बर्बाद, जनता धोखेबाजों से क्यों ना ले हिसाब, जनता अवसरवादियों को क्यों दे आशीर्वाद: रणदीप सिंह सुरजेवाला

Updated: Sep 03, 2023, 05:29 PM IST

भोपाल। चित्रकूट से शुरू हुई बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हमला बोला है। सुरजेवाला ने कहा कि अभी-अभी हाल ही में जेपी नड्डा को उनके खुद के गृह क्षेत्र में लोगों ने धूल चटाई है और कांग्रेस की सरकार बनाई। जेपी नड्डा का आना, भाजपा के जाने का शुभ संकेत है।

सुरजेवाला ने कहा, 'जन धोखा और धन लूट की अवसरवाद यात्रा आज से शुरू हो गई। शिवराज सिंह चौहान जी वोट नहीं माफी मांगो। नड्डा जी आप जवाब दीजिए 18 सालों में मध्य प्रदेश को क्यों किया बर्बाद। जनता धोखेबाजों से क्यों ना ले हिसाब? जनता अवसरवादियों को क्यों दे आशीर्वाद? किसानों की आमदनी को कम करने के लिए जन आशीर्वाद , किसान आज सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। 20 हजार 489 किसानों की आत्महत्या के लिए आपको आशीर्वाद दें।'

सुरजेवाला ने आगे कहा, 'क्या 4 लाख 22 हजार करोड़ के कर्ज में प्रदेश को डुबो देने के लिए आपको आशीर्वाद दें? क्या 50% की सरकार चलाने के लिए आशीर्वाद दें? 58000 बहन बेटियों बहुओं के साथ बलात्कार करने के लिए आशीर्वाद दें? क्या 67 हजार बच्चियों के अपहरण के लिए आशीर्वाद दें? व्यापम से लेकर पटवारी तक भर्ती परीक्षाओं में 75 लाख नौजवान के भविष्य को बर्बाद करने के लिए आशीर्वाद दें? क्या महाकाल लोक में हुए भ्रष्टाचार के लिए आशीर्वाद दें? आदिवासी लोगों पर अत्याचार और पेशाब करने के लिए क्या आशीर्वाद दें?'

यह भी पढ़ें: सबसे ज़्यादा वोटों से हारने का रिकॉर्ड बनाने जा रही है बीजेपी, जन आशीर्वाद यात्रा पर कमलनाथ का तंज

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ' क्या 3 लाख से ज्यादा आदिवासी भाइयों के पट्टे खारिज करने के लिए आपको आशीर्वाद दें? दलित अत्याचार में प्रदेश को देश में नंबर वन बनाने के लिए आशीर्वाद दें? 29000 से ज्यादा सरकारी स्कूल बंद करवाने के लिए आपको आशीर्वाद दें या लाखों बच्चों को स्कूल से निकाल देने के लिए आशीर्वाद दें? अल्प वर्षा के चलते किसानों की फसलें खराब हो रही हैं बिजली के लिए हाहाकार मचा है। भ्रष्टाचार और अत्याचार है तब भी बीजेपी को माफी नहीं वोट की दरकार है। आपकी पाप की राजनीति का घड़ा भर गया है आप झोला उठाइए और जाइए क्योंकि अब आ रही है मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार।'

सिंधिया समर्थकों के कांग्रेस में शामिल होने पर सुरजेवाला ने कहा, 'क्या यह नहीं दर्शा रहा है कि भाजपा बिखर रही है मध्य प्रदेश में भाजपा टूट रही है शिवराज सिंह चौहान पैनिक मोड में हैं। इसलिए आनन फानन में प्रदेश की संपत्ति कर्ज में रखकर कुछ भी घोषणा करते जा रहे हैं। उन्हें भी मालूम है कि 2 महीने से ज्यादा वह चला नहीं सकते हैं।' नड्डा के दौरे पर सुरजेवाला बोले जेपी नड्डा जी को अपने गृह प्रांत में उन्हें उनके लोगों ने ही धूल चटवाई है कांग्रेस की सरकार बनवाई है। जेपी नड्डा जी का आना भाजपा के जाने का शुभ संकेत है।