CEC के खिलाफ जंतर-मंतर से इंडिया गेट तक जोरदार प्रदर्शन, ममता-केजरीवाल हिरासत में लिए गए

सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर से इंडिया गेट तक प्रदर्शन हो रहे हैं। पुलिस ने अबतक हजारों की संख्य में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।

Updated: Oct 10, 2026, 03:29 PM IST

नई दिल्ली। CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन जारी है। शनिवार को CJP के आह्वान पर जंतर-मंतर कुच कर रहे हजारों लोगों को पुलिस ने डिटेन कर लिया है। CJP के समर्थन में जंतर-मंतर जाने की कोशिश में टीएमसी चीफ ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़े नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है।

CPIM नेता बृंदा करात, एमए बेबे और केरलम के पूर्व सीएम पिनाराई विजयन को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। दरअसल, दिल्ली पुलिस से सीजेपी को प्रदर्शन करने की परमिशन नहीं मिली, जिसकी वजह से मुंबई से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को पुलिस ने फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया। सभी को अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया है। इसी बीच अभिजीत दीपके के दादी के निधन की खबर सामने आई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ही अभिजीत दीपके को उनकी दादी के निधन की जानकारी दे दी है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, अब दीपके को तय करना है कि वे प्रदर्शन जारी रखने के लिए हिरासत में रहेंगे या दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र में अपने घर लौटेंगे।

इसके अलावा दिल्ली हाट इलाके से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा और उनके साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। नेहा बोरा ने ने कहा कि हमें हिरासत में लिया गया है, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने Gen Z के युवाओं से अपील करते हुए कहा, “यह हमारा 1942 है। उनकी जेलें हममें से कुछ लोगों को बंद कर सकती हैं, लेकिन हम सभी को नहीं।

नेहा बोरा ने आगे कहा कि आज हममें से किसी को भी जहां रोका जाएगा, हम वहीं बैठकर अपना विरोध शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली हर कोना जंतर-मंतर बन जाएगा। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर तक 1,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा चुका है। इन्हें जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और मिंटो ब्रिज समेत अलग-अलग इलाकों से पकड़ा गया। जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे कुछ वकीलों को भी पकड़ा गया।