हिम्मत हो तो लहार से चुनाव लड़ लें ज्योतिरादित्य सिंधिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने दी खुली चुनौती

डॉ गोविंद सिंह ने सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि चंबल का पानी गद्दारी नहीं करता। चंबल का पानी पीठ में छुरा नहीं घोंपता है। चंबल का पानी जिस पत्तल में खाओ उसमें छेद नहीं करता है।

Updated: Aug 14, 2023, 03:46 PM IST

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह के विधानसभा क्षेत्र भिंड के लहार पहुंचे थे। इस दौरान दोनों नेताओं ने डॉ गोविंद सिंह को जमकर भला बुरा कहा। अब सिंह ने पलटवार करते हुए कहा है कि यदि सिंधिया में हिम्मत हो तो वे लहार से विधानसभा चुनाव लड़ लें।

नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि लहार की जनता मुझ से प्रेम करती है। इसलिए वो हमें विधायक चुनती है। जनता के आशीर्वाद और प्रेम से अब तक विधायक बनता रहा हूं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लहार में डॉ गोविंद सिंह का सीएम को अन्याय अत्याचार दिखता है। वे सावन के अंधे हैं। वे खुद प्रदेश की जनता, महिला, और कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी बौखलाएं नहीं अब समय आ गया है। जनता सबक सिखाने के लिए तैयार है। धैर्य रखें।

यह भी पढ़ें: आधी आबादी पूरा हक: कांग्रेस ने लॉन्च किया इंदिरा फेलोशिप, सियासत में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की कवायद

मुख्यमंत्री की जगह पोस्टर में मुख्यंत्री लिखे जाने पर डॉ सिंह ने कहा कि ईश्वर का स्पष्ट संकेत मिल रहा है।
केंद्रीय मंत्री ज्याेतिरादित्य सिंधिया द्वारा चंबल के पानी के साथ वादा खिलाफी करने वालों को सबक सिखाने वाले बयान पर नेता प्रतिपक्ष ने जवाब देते हुए कहा- चंबल का पानी गद्दारी नहीं करता। चंबल का पानी पीठ में छुरा नहीं घोंपता है। चंबल का पानी जिस पत्तल में खाओ उसमें छेद नहीं करता है।

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा की वे स्वयं को स्वयं को राजमाता से जोड़ रहे है। लेकिन राजमाता के भाइयों का अपमान करते हैं। उनकी बेटियों यानी अपनी बुआ को हक नहीं देते है। पहले खुद राजमाता के आदर्शों को अपनाएं। लहार में सिंधिया ने कहा था कि ये क्षेत्र किसी की बपौती नहीं है। इसपर पलटवार करते हुए डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि सिंधिया जी, लहार में बापौती मेरी नहीं है। आपकी है तो लहार से आकर चुनाव लड़ लें।

बता दें कि लहार विधानसभा क्षेत्र डॉ गोविंद सिंह का अजेय गढ़ रहा है। वे सन 1990 से लगातार लहार से विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंच रहे हैं। बीजेपी इस बार कांग्रेस के इस अभेद दुर्ग को भेदने की तमाम कोशिशें कर रही है। इसी क्रम में सीएम चौहान और सिंधिया शुक्रवार को एक साथ लहार पहुंचे थे।