होली पर शेयर बाजार में रक्तपात, सेंसेक्स 1700 अंक लुढ़का, निफ्टी में भी 500 अंक की गिरावट

सेंसेक्स 1700 अंक यानी 2.04 फीसदी गिरकर 78,500 पर आ गया है। निफ्टी में 500 अंक यानी 2 फीसदी गिरावट है। ये 24,350 के स्तर पर आ गया है।

Updated: Mar 04, 2026, 10:20 AM IST

मुंबई। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के बीच वैश्विक शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखी जा रही है। होली पर भारतीय शेयर मार्केट में भी रक्तपात देखने को मिल रहा है। बुधवार को सेंसेक्स 1700 अंक यानी 2.04 फीसदी गिरकर 78,500 पर आ गया है। निफ्टी में 500 अंक यानी 2 फीसदी गिरावट है। ये 24,350 के स्तर पर आ गया है।

बैंक और ऑटो शेयर सबसे ज्यादा टूटे हैं। दरअसल, जियोपॉलिटिकल तनाव और जंग जैसी स्थिति में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। इससे कंपनियों का मुनाफा कम हो सकता है। ऐसे में निवेशक उनके शेयर बेचना शुरू कर देते हैं और इसे सोने-चांदी जैसी सुरक्षित जगह निवेश करते हैं। इससे बाजार में गिरावट आती है।

ब्रेंट क्रूड में आज करीब आधा फीसदी की तेजी है। ये 80 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। बीते तीन दिन में इसके दाम 13% से ज्यादा चढ़ चुके हैं।जानकारों का मानना है कि अगर यह तनाव और बढ़ा, तो तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक जो सकती हैं। इसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल पर दिख सकता है।

दिल्ली में पेट्रोल 95 रुपए लीटर से बढ़कर 100 रुपए तक पहुंच सकता है। वहीं डीजल 88 रुपए से बढ़कर 92 रुपए तक जा सकता है। अन्य शहरों में भी इसी तरह कीमतें बढ़ सकती है। वायदा बाजार (MCX) में आज सोने में 1.5% से ज्यादा की तेजी है। ये 2,500 रुपए बढ़कर 1.64 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी 7,000 रुपए (2.8%) बढ़कर 2.79 लाख रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रहा है।