अमेरिका-ईरान जंग का भारतीय शेयर बाजार पर असर, सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, निफ्टी में 300 अंकों की गिरावट

जियोपॉलिटिकल तनाव और जंग जैसी स्थिति में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। इससे कंपनियों का मुनाफा कम हो सकता है। ऐसे में निवेशक उनके शेयर बेचना शुरू कर देते हैं और इसे सोने-चांदी जैसी सुरक्षित जगह निवेश करते हैं।

Updated: Mar 02, 2026, 11:06 AM IST

मुंबई। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। घरेलू शेयर बाजार में आज यानी 2 मार्च को भारी गिरावट है। सेंसेक्स 1,000 अंक (1.14%) से ज्यादा की गिरावट के साथ 80,000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 300 अंकों (1.14%) की गिरावट है, ये 24,900 के स्तर पर है।

दरअसल, जियोपॉलिटिकल तनाव और जंग जैसी स्थिति में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। इससे कंपनियों का मुनाफा कम हो सकता है। ऐसे में निवेशक उनके शेयर बेचना शुरू कर देते हैं और इसे सोने-चांदी जैसी सुरक्षित जगह निवेश करते हैं। इससे बाजार में गिरावट आती है।

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते आज एनर्जी और ऑटो शेयरों में ज्यादा गिरावट है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 10% बढ़कर 79 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। जानकारों का मानना है कि अगर यह तनाव और बढ़ा, तो तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक सकती हैं।

इसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल पर दिख सकता है। दिल्ली में पेट्रोल ₹95 लीटर से बढ़कर ₹100 तक पहुंच सकता है। वहीं डीजल ₹88 से बढ़कर ₹92 तक जा सकता है। वायदा बाजार (MCX) पर सोना 5 हजार रुपए (3%) की तेजी के साथ 1.67 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। 

वहीं चांदी 8 हजार रुपए (3%) बढ़कर 2.91 लाख प्रति किलो पहुंच गई है। कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक अमेरिका-ईरान जंग के कारण सोना 1.90 लाख रुपए और चांदी 3.5 लाख रुपए तक जा सकती है।

एशियाई बाजारों की बात करें तो जापान का निक्केई इंडेक्स 1.53% गिरकर 57,950 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.60% गिरकर 26,035 पर कारोबार कर रहा है। जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.07% चढ़कर 4,160 पर कारोबार कर रहा है।