UPSC 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी, राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर

UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। राजस्थान के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर टॉप किया है।

Updated: Mar 06, 2026, 05:37 PM IST

नई दिल्ली। यूनियन सर्विस पब्लिक कमिशन ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। आयोग ने कुल 958 उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अन्य केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप A और B) में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है। उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.gov.in पर देख सकते हैं।

जारी मेरिट लिस्ट में अनुज अग्निहोत्री पहले स्थान पर रहे। जबकि, दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर हरियाणा के पंचकूला निवासी एकांश ढुल रहे। चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला, पांचवें पर ईशान भटनागर, छठे पर जिन्निया अरोड़ा, सातवें पर ए.आर. राजा मोहिद्दीन, आठवें पर पक्षल सेक्रेटरी, नौवें पर आस्था जैन और दसवें स्थान पर उज्ज्वल प्रियांक रहे।

यह भी पढ़ें:उज्जैन के महाकाल मंदिर के बाहर बेटी को पिता ने मारा चाकू, शादी को लेकर हुआ था विवाद

अनुज अग्निहोत्री की सफलता खास इसलिए भी है क्योंकि वह इससे पहले भी दो बार यह परीक्षा पास कर चुके हैं। साल 2023 में अपने पहले प्रयास में उन्हें दिल्ली में एसडीएम के पद पर नियुक्ति मिली थी। अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर में कार्यरत हैं। जबकि, उनकी मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। अनुज ने अपनी शुरुआती पढ़ाई रावतभाटा स्थित परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से की थी और 12वीं कक्षा में उन्होंने 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें टेबल टेनिस खेलना भी पसंद है।

दूसरी रैंक हासिल करने वाली राजेश्वरी सुवे एम तमिलनाडु के मदुरै की रहने वाली हैं। वह इस साल टॉप-5 में जगह बनाने वाली एकमात्र महिला उम्मीदवार हैं। राजेश्वरी ने 2018 में चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया था। UPSC से पहले उन्होंने तमिलनाडु पब्लिक सर्विस कमीशन (TNPSC) की ग्रुप-I परीक्षा में टॉप किया था और वर्तमान में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

यह भी पढ़ें:सीहोर में डबल मर्डर से सनसनी, 10वीं की परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन को ताऊ ने लाठियों से पीटकर मार डाला

तीसरा स्थान हासिल करने वाले एकांश ढुल हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर 12A के निवासी हैं। उनकी मां निर्मला एक स्कूल में प्रिंसिपल हैं। जबकि, उनके पिता कृष्ण ढुल भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेता हैं। एकांश ने भी इससे इस परिक्षा में सफलता हासिल की थी। साल 2024 में उन्हें 342वीं रैंक और 2025 में 295वीं रैंक मिली थी लेकिन इस बार उन्होंने तीसरी रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

UPSC के अनुसार इस साल कुल 958 उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। इनमें 317 सामान्य वर्ग, 104 ईडब्ल्यूएस, 306 ओबीसी, 158 अनुसूचित जाति और 73 अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी।

यह भी पढ़ें:सतना में हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने लिया भाई के अपमान का बदला, किसान की गोली मारकर की हत्या

सरकार ने इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 1087 पदों की जानकारी दी थी। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 180 पद, भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 55 पद और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 150 पद शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय सेवाओं के ग्रुप A में 507 और ग्रुप B में 195 पद भरे जाएंगे। आयोग ने यह भी बताया कि कुल रिक्तियों में दिव्यांग श्रेणी (PwBD) के 42 पद भी निर्धारित किए गए हैं।

आयोग ने यह भी जानकारी दी है कि 348 उम्मीदवारों का चयन फिलहाल प्रोविजनल रखा गया है। इनके दस्तावेजों और अन्य प्रक्रियाओं का सत्यापन होने के बाद ही उनका चयन अंतिम रूप से मान्य होगा। वहीं, दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। उम्मीदवारों के अंक परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें:T-20 World Cup: सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया, जीत के साथ फाइनल में एंट्री

गौरतलब है कि सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच आयोजित की गई थी। जिसका परिणाम नवंबर 2025 में घोषित किया गया था। इसके बाद इंटरव्यू दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच दो चरणों में आयोजित किए गए थे। इन्हीं सभी चरणों के आधार पर अब अंतिम मेरिट सूची जारी की गई है।