CG: बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई स्कॉरपियो, 4 की मौत और 1 घायल
बिलासपुर हाईवे पर गुरुवार रात भीषण हादसा हुआ। बेकाबू ट्रेलर डिवाइडर तोड़ रॉन्ग साइड घुसा और स्कॉर्पियो को रौंद दिया। हादसे में चार युवकों की मौके पर मौत हो गई। जबकि, एक गंभीर रूप से घायल है।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में चार युवकों की जान चली गई। जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल है। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव स्थित यादव ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड में जा घुसा और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर की ओर में जा रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। उसी समय उसलापुर की ओर लौट रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) सामने से आ रही थी। अचानक ट्रेलर के रॉन्ग साइड में आने से स्कॉर्पियो चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वाहन सीधे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
हादसे में छत्रपाल रात्रे (37) निवासी ग्राम कुंआ, विशाल लहरे (25) और अनमोल लहरे (14) निवासी बिरगहनी और सोनू मिरी (28) निवासी कोटा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक तखतपुर मुंगेली क्षेत्र के रहने वाले हैं और आपस में एक ही परिवार से जुड़े थे।
बताया गया कि उसलापुर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी शादी की 25वीं सालगिरह के अवसर पर संबलपुरी स्थित यादव ढाबा में पारिवारिक कार्यक्रम रखा था। स्कॉर्पियो में सवार पांचों युवक उसी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। भोजन के बाद वे रात करीब दो बजे उसलापुर के लिए निकले थे और ढाबे से कुछ ही दूरी पर यह भीषण हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें सवार लोग अंदर फंसे हुए थे। पुलिस और राहत टीम ने गैस कटर मंगवाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दरवाजे काटकर शवों और घायल को बाहर निकाला। स्कॉर्पियो का चालक आगे की सीट पर बुरी तरह फंस गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि ट्रेलर चालक डिवाइडर तोड़ते हुए रॉन्ग साइड में घुसा था। जिसके बाद सामने से आ रही स्कॉर्पियो सीधी उससे टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का अवसर नहीं मिला। फुटेज के आधार पर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक बयान में उसने बताया कि वह कोरबा से कोयला लोड कर हिर्री जा रहा था। संबलपुरी के पास एक खाली ट्रेलर ने तेज रफ्तार में उसे ओवरटेक किया जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में चला गया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




