शेयर बाजार में हाहाकार: सेंसेक्स 1236 अंक टूटा, निवेशकों के 7.5 लाख करोड़ रुपए स्वाहा

गुरुवार को सेंसेक्स 1236 अंक की गिरावट के साथ 82,498 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 365 अंक की गिरावट रही, ये 25,454 के स्तर पर बंद हुआ।

Updated: Feb 19, 2026, 04:53 PM IST

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार के लिए आज का दिन 'ब्लैक थर्सडे' साबित हुआ। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल ने निवेशकों के भरोसे को झकझोर कर रख दिया। पिछले तीन दिनों से बाजार में जो हरियाली दिख रही थी, वह आज एक ही झटके में गायब हो गई।

गुरुवार को कारोबार की समाप्ति पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1,236.11 अंक (1.48%) की भारी गिरावट के साथ 82,498.14 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 365 अंक (1.41%) फिसलकर 25,454.35 पर आ गया। यह पिछले दो हफ्तों में बाजार की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट है।

इस भारी बिकवाली के कारण बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (Market Cap) घटकर लगभग 485.45 लाख करोड़ रुपये रह गया। इसका सीधा मतलब यह है कि महज कुछ ही घंटों के कारोबार में निवेशकों की करीब 6.7 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति डूब गई।

दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की आशंका से निवेशक आज सहमे दिखाई दिए। इस आशंका के चलते क्रूड ऑयल के दाम में भी तेज उछाल आया और वह 71 डॉलर के पार चला गया। इसके अलावा ग्लोबल स्तर पर कमजोर संकेतों ने भी निवेशकों के सेंटीमेंट पर असर डाला।

शेयर बाजार में आज की गिरावट चौतरफा रही। सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी आज लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट रियल्टी, पावर, ऑटो और यूटिलिटी शेयरों में देखने को मिली। निफ्टी बैंक इंडेक्स 811 पॉइंट गिरकर 60,740 पर आ गया, जबकि मिडकैप इंडेक्स 956 पॉइंट गिरकर 59,228 पर आ गया।

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 464.46 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 472.01 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 7.57 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 7.57 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

शेयर बाजार में आज की गिरावट इतनी तेज थी कि बीएसई सेंसेक्स के सभी 30 शेयर आज लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी इंडिगो (Indigo) का शेयर 3.23 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement), ट्रेंट (Trent) और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic) के शेयरों में 2.70 फीसदी से लेकर 2.97 फीसदी तक की गिरावट रही।