Mp by election: दिमनी में कमलनाथ ने किया ऐलान सरकार बनी तो किसानों का दो लाख करेंगे माफ

दिमनी में कांग्रेस प्रत्याशी रवींद्र सिंह तोमर के पक्ष में कमलनाथ ने किया प्रचार, कहा बरसों से गुलामी झेल रहा ग्वालियर चंबल संभाग अब आजाद हो गया है, सभा में मौजूद अजय सिंह बोले, सिंधिया ने नरेंद्र सिंह तोमर को नहीं बनने दिया मुख्यमंत्री

Updated: Oct 18, 2020, 03:54 PM IST

मुरैना। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने दिमनी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बरसों से गुलामी झेल रहा ग्वालियर चंबल संभाग अब आजाद हो गया है। उन्होंने ग्वालियर चंबल संभाग में विकास नहीं होने देने का आरोप सिंधिया और शिवराज पर लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी मुझसे इस इलाके के विकास की बात पूछती है, जबकि यहां 15 साल शिवराज का शासन था, और ज्योतिरादित्य सिंधिया सांसद रहे हैं। मुख्यमंत्री और सिंधिया से सवाल करते हुए कमलनाथ ने कहा कि ग्वालियर चंबल का विकास नहीं होने देने का जवाब सिंधिया और शिवराज दें। क्यो 15 साल में ग्वालियर-चंबल संभाग में किसी तरह का विकास नहीं हुआ है। बीजेपी कार्यकाल के 15 साल की तस्वीर आपके सामने है। बीजेपी ने सौदेबाजी करके कांग्रेस की सरकार के साथ जो किया वह दुनिया के सामने है। हमारी सरकार ने 11 महीने में कांग्रेस की नीति और नीयत का परिचय दिया।

किसानों का दो लाख तक का कर्जा माफ करने का वादा

कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी के कार्यकाल में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार में मध्यप्रदेश नंबर वन था। कांग्रेस ने किसानों को कर्ज मुक्ति करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया। क्योंकि किसान का जन्म और मृत्यु कर्जे में होता है। कांग्रेस ने डिफॉल्टरों का ही नहीं चालू खाता वालों का भी कर्जा माफ किया, हमने खाली तिजोरी होने के बाद भी किसानों का फसल ऋण माफ किया है। कर्ज माफी नहीं होने का शिवराज का झूठ भी विधानसभा में पकड़ा गया। 27 लाख किसानों का कर्जा माफ हुआ यह सरकार ने जवाब दिया है। हमनें फसल ऋण माफ करने की बात कही थी वो हमारी सरकार ने किया। कमलनाथ ने वादा किया है कि कांग्रेस की सरकार आने पर हर किसान का दो लाख का कर्ज माफ किया जाएगा। अगर किसान के परिवार में आर्थिक मजबूती आएगी प्रदेश खुशहाल होगा। 

सिंधिया ने नरेंद्र तोमर को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नरेंद्र सिंह तोमर को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया, ये कहना है मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री अजय सिंह राहुल का। दिमनी में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी ने खरीद फरोख्त की राजनीति के जरिए कांग्रेस की सरकार गिराई। प्रदेश में शिवराज सिंह से पहले नरेंद्र सिंह तोमर को मुख्यमंत्री बनने की खबरें आई थीं। लेकिन सिंधिया ने नरेंद्र सिंह तोमर को प्रदेश का मुखिया नहीं बनने दिया। अजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कांग्रेस से गद्दारी का आरोप लगाया। ग्वालियर चंबल संभाग में सिंधिया का सफाया जरूर होगा, कांग्रेस नेता के भरोसा जताया है कि इस उपचुनाव में कांग्रेस की जीत होगी और कमलनाथ एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे।

दिमनी में बीजेपी के गिर्राज दंडौतिया और कांग्रेस के रवींद्र सिंह तोमर में मुख्य मुकाबला है, यहां से बसपा के राजेंद्र कंसाना मैदान में है।