लोकायुक्त पुलिस ने आयुष विभाग के क्लर्क को 80 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

भोपाल में आयुष विभाग का क्लर्क अनुकंपा नियुक्ति के नाम पर युवक से 80 हजार की रिश्वत ले रहा था, लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया

Updated: Feb 04, 2021, 09:02 AM IST

Photo Courtesy: Patrika
Photo Courtesy: Patrika

भोपाल। राजधानी में लोकायुक्त पुलिस ने एक रिश्वतखोर क्लर्क सुनील नामदेव को 80 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सहायक ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत सुनील नामदेव ने युवक से अनुकंपा नियुक्ति के नाम पर पैसों की मांग की थी। फरियादी ने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त में की। जिसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर बाबू को 80 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।

आयुष कार्यालय के क्लर्क ने फरियादी से डेढ़ लाख रुपए मांगे थे, जिसकी पहली किस्त के रूप में 80 हजार रुपए क्लर्क ले रहा था, बाकी पैसे बाद में देने पर बात तय हुई थी। फरियादी के पिता इसी विभाग में कार्यरत थे, उनकी असमय मौत के बाद उनके बेटे को नौकरी मिलने वाली थी। जिसमें क्लर्क सुनील नामदेव अडंगा लगा रहा था।

आरोपी क्लर्क ने धमकी दी थी कि अगर डेढ़ लाख रुपए नहीं दिए तो उसे नौकरी नहीं मिलेगी। जिसके बाद गरीब फरियादी ने कर्ज लेकर 80 हजार रुपए जमा किए और आरोपी क्लर्क को देने आया, लोकायुक्त पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी क्लर्क से पूछताछ की जा रही है।