यह मेरा मुद्दा नहीं है, दिल्ली में प्रदर्शन और पाबंदियों पर बोले CJI सूर्यकांत

CJI ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। किसी भी आम नागरिक या निर्वाचित जनप्रतिनिधि को याचिका दायर करने का अधिकार है।

Updated: Oct 12, 2026, 01:54 PM IST

नई दिल्ली। भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने सोमवार को दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों और उनसे जुड़ी पाबंदियों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह मेरा मुद्दा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे खुले हुए हैं। 

प्रधान न्यायाधीश विज्ञान भवन में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान CJI ने कहा कि उन्होंने INDIA ब्लॉक के सांसदों को मुलाकात नहीं कर पाने की वजह बता दी है। उन्होंने कहा कि रविवार को विपक्ष का पत्र मिला था, जिसका जवाब उन्होंने उसी रात दे दिया था। जवाब में उन्होंने मुलाकात नहीं कर पाने के कारण बताए हैं।

CJI ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। किसी भी आम नागरिक या निर्वाचित जनप्रतिनिधि को याचिका दायर करने का अधिकार है। कोर्ट उनकी समस्याएं सुनेगा और कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई करेगा।'

दरअसल, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने CJI से सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच मिलने का समय मांगा था। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। लेकिन CJI ने मुलाकात से इनकार कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी मांगों को लेकर याचिका दायर कर सकता है।

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं। सप्ताहांत में राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई, 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए और शहर के सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच की गई।

प्रदर्शन करने वालों में से कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनों और आवाजाही पर पाबंदियों के बारे में पूछे जाने पर प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि यह मेरा मुद्दा नहीं है।