मध्य प्रदेश भाजपा को मिल सकता है नया अध्यक्ष, संगठनात्मक फेरबदल के लिए दिल्ली में बैठकों का दौर
प्रदेश अध्यक्ष बनने की रेस में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नाम की चर्चा।
भोपाल। लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद बीजेपी नेता एक बार फिर संभावनाओं की तलाश में जुट गए हैं। मध्य प्रदेश बीजेपी के मंत्री-विधायक, सांसद और संगठन से जुड़े नेता कामकाज की हर छोटी-बड़ी गतिविधियों को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। दरअसल, भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की तैयारी है। ऐसे में पार्टी के सभी नेता इस आस में हैं की काश उन्हें अध्यक्ष बनाया जाए।
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा का दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। ऐसे में नए अध्यक्ष के चुनाव की कवायद शुरू गई है। कल 17 अगस्त को इस संबंध में दिल्ली में बीजेपी की अहम बैठक होगी। बैठक में मप्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा शामिल होंगे। इस बैठक के बाद सदस्यता अभियान का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का कार्यकाल बढ़ाया गया था। एक बार कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद उन्हें भी एक्सटेंशन नहीं दिया जाएगा।
बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए बीजेपी के करीब आधा दर्जन नेता कतार में लगे हैं। इनमें पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया प्रयासरत हैं। पहले आदिवासी वर्ग का प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चाएं थीं। लेकिन पहली बार केंद्र सरकार में दो आदिवासी सांसदों को मंत्री बनाए जाने के बाद यह संभावना कम ही है।