भोपाल। मध्य प्रदेश की बुधनी व विजयपुर सीट के लिए उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक होगा। दोनों सीटों पर मतदाता अपने-अपने उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। विजयपुर में कुल 11 और बुधनी में 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। दाेनों सीटों पर 5 लाख 22 हजार मतदाता हैं।
बुधनी में भाजपा से रमाकांत भार्गव और कांग्रेस के राजकुमार पटेल प्रत्याशी हैं। वहीं, विजयपुर में भाजपा ने मंत्री रामनिवास रावत और कांग्रेस ने मुकेश मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाया है। सोमवार रात विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के धनाचया, दंगपुरा, पातालगढ़ और झरेर गांव में हुई हिंसा के बाद विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यहां आदिवासियों को धमकाया गया था और मारपीट की गई थी। फायरिंग भी की गई थी और इसमें 11 लोग घायल हो गए थे। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
बता दें कि साल 2023 के चुनाव में विजयपुर सीट से कांग्रेस के रामनिवास रावत जीते थे। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद उन्हें विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ा। इस्तीफे के बाद अब वहां चुनाव हो रहे हैं।वहीं, बुधनी से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने विदिशा से सांसद का चुनाव लड़ा। सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने विधानसभा सीट से इस्तीफा दिया था।
बुधनी और विजयपुर के मतदाताओं से कांग्रेस ने लोकतंत्र बचाने हेतु मतदान की अपील की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'बुधनी और विजयपुर के सम्माननीय मतदाता बंधुओं, सादर नमस्कार। लोकतंत्र को बचाए रखने के संघर्ष में आज एक महत्वपूर्ण दिन है। लोकतंत्र का सौदा करने वाली, तानाशाही रवैये से चलने वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता की शक्ति को बताने वाला यह दिन है।'
कांग्रेस ने आगे लिखा, 'आपसे आग्रह है कि गणतंत्र और जनतंत्र के इस संघर्ष में कांग्रेस प्रत्याशियों को मत रूपी आशीर्वाद प्रदान करें। यह चुनाव लोकतंत्र और मतदाता के स्वाभिमान को बचाए रखने वाला चुनाव है। इस चुनाव में कांग्रेस को आपका आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी सरकार के अहंकार को करारा जवाब होगा। अतः आपसे विनम्र आग्रह है कि विजयपुर और बुधनी उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद प्रदान कर लोकतंत्र की जीत सुनिश्चित कर सत्ता की तानाशाही पर लगाम लगाएं।'