निकाय चुनाव LIVE: शाम पांच बजे तक 61 फीसदी वोटिंग, राजधानी भोपाल में वोटिंग प्रतिशत सबसे कम

निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होते ही जगह जगह से ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें आ रही है, कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग करने के आरोप लगाए हैं, भोपाल से कांग्रेस महापौर विभा पटेल ने कहा कि अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में पर्चियां नहीं भेजी गई है

Updated: Jul 06, 2022 02:10 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में नगर सरकार के चुनाव के लिए आज पहले चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। आज प्रदेशभर के 11 नगर निगमों के चुनाव हो रहे हैं। इनमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, खंडवा, बुरहानपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, उज्जैन, सागर, सिंगरौली और सतना शामिल हैं। इसके अलावा 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद में मतदान हो रहे हैं।

भोपाल में 43.8 फीसदी मतदान

प्रदेश में शाम 5 बजे तक 61% वोट पड़े हैं। आगर-मालवा जिले में सबसे ज्यादा 88% मतदान हुआ। वहीं प्रदेश में सबसे कम वोटिंग भोपाल जिले में हुई है। यहां शाम पांच बजे तक महज 43.8 फीसदी लोगों ने मतदान किया। इसके अलावा इंदौर में 76%, जबलपुर में 76.10% व ग्वालियर में 74.80 % मतदान हुआ। इस दौरान 59.10 % महिलाओं ने, 63.20% पुरुषों ने और 34.60% अन्य मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मतदान केंद्र पर बीजेपी कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी

इंदौर में मतदान के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी देखने को मिली। शहर के लोधीपुरा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने एक कांग्रेस कार्यकर्ता पर हमला कर दिया। इस मामले में कांग्रेस ने छत्रीपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस के महापौर उम्मीदवार संजय शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। 

पूर्व दिग्विजय सिंह ने किया मतदान

पूर्व दिग्विजय सिंह ने किया मतदान

भोपाल नगर निगम चुनाव में पूर्व सीएम दिग्विजय भी दोपहर को वोट डालने पहुंचे। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अपनी पत्नी अमृता राय के साथ प्रोफेसर कॉलोनी स्थित केंद्र पर मतदान दिया।

ये सच और झूठ के बीच की जंग: दिग्विजय सिंह

ये सच और झूठ के बीच की जंग: दिग्विजय सिंह

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'सरकार के मंत्री TI के साथ पोलिंग बूथ पर घूम रहे हैं, जो अपराध है। वे हमारे पोलिंग एजेंट्स के कागज छीन कर उन्हें भगा देते हैं। क्या वो मंत्री वहां का वोटर है, नहीं तो क्यों बूथ में घुसा? निर्वाचन आयोग से हम सरकार के मंत्रियों और प्रशासन के अधिकारियों की शिकायत करेंगे। चुनाव के पहले अधिकारियों के तबादले हो रहे हैं,ये सरासर गलत है। ये चुनाव कांग्रेस पार्टी जीतेगी। ये सच और झूठ के बीच की जंग है।'

एक साथ दिखे बीजेपी और कांग्रेस कैंडिडेट

एक साथ दिखे बीजेपी और कांग्रेस कैंडिडेट

इंदौर में वोटिंग के बीच एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। यहां चंदन नगर क्षेत्र में विवाद की सूचना के बाद बीजेपी और कांग्रेस दोनों के ही मेयर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव और संजय शुक्ला मौके पर पहुंचे। यहां दोनों ने एक-दूसरे के साथ जमकर ठहाके लगाए। काफी देर बातचीत के बाद दोनों रवाना हुए।

सारंग पोलिंग एजेंटों को डरा रहे हैं: दिग्विजय सिंह

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने मंत्री सारंग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिंह ने कहा है कि विश्वास सारंग खुले आम छोला क्षेत्र के वॉर्ड 76 के पोलिंग बूथों पर कॉंग्रेस के पोलिंग एजेंटों को डरा रहे हैं धमका रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि छोला क्षेत्र के TI जिन्हें परसों ही थाने पर पोस्ट किया है, वह भी सारंग के साथ घूम रहे हैं। उन्होंने पूछा है कि क्या मंत्री सारंग को डराने धमकाने की खुली छूट दी गई है? 

टाइमिंग बढ़ाई जाए: मालती राय

टाइमिंग बढ़ाई जाए: मालती राय

BJP की मेयर कैंडिडेट मालती राय ने वोटिंग की टाइमिंग बढ़ाने की मांग की है। मालती राय पोलिंग बूथ का निरीक्षण करने हबीबीया स्कूल पहुंची थीं। यहां पर ईवीएम खराब मिली। उन्होंने कहा कि जहां-जहां मशीन खराब हुई, वहां वोटिंग की टाइमिंग बढ़ाई जाए। भोपाल में कई लोगों के मतदान केंद्र ही बदल गए। इस कारण वोटरों को दिक्कत हो रही है। वार्ड 83 के कई रहवासियों को वोट डालने के लिए वार्ड 81 और 82 का मतदान केंद्र मिला। 

भोपाल में 13 मतदान केन्द्रों पर EVM खराब

भोपाल में कई जगहों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें सामने आई है। बैरागढ़ वार्ड नंबर 5 में वोट डालने में दिक्कत आ रही है। यहां 15 मिनट मशीन चलने के बाद फेल हो गई। उधर लंबी-लंबी लाइनों में लोग खड़े हैं। इसी तरह मतदान केंद्र क्रमांक 151 कक्ष क्रमांक 2 उमराव तुला की मशीन खराब थी। यहां भी मतदान 2 घंटे देरी से शुरू हुआ। स्टेशन क्षेत्र के मतदान केंद्र में इवीएम खराब होने से आधा घंटा देरी से शुरू हुआ मतदान। अबतक 13 केंद्रों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें मिल चुकी है।

मंत्री तुलसी सिलावट ने किया मतदान

मंत्री तुलसी सिलावट ने किया मतदान

राज्य सरकार में मंत्री तुलसी सिलावट इंदौर में परिवार सहित वोट डालने पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि इंदौर प्रदेश का सबसे बड़ा शहर है। प्रदेश के सभी 16 नगर निगम चुनाव में वोटर का रुझान भाजपा की ओर है। भाजपा का लक्ष्य है प्रगति और उन्नति है। स्वच्छता में इंदौर का डंका देश में भाजपा के कारण बजा है। इंदौर फिर से इतिहास रचने जा रहा है। भाजपा का इंदौर महापौर प्रत्याशी प्रदेश में सबसे ज्यादा वोटों से जीतेगा।

भार्गव ने किया मतदान

भार्गव ने किया मतदान

इंदौर से बीजेपी के मेयर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने सुबह 7.30 बजे जूनी इंदौर स्थित प्राचीन गणेश मंदिर के दर्शन किए। वे यहां पत्नी जूही और परिवार के अन्य लोगों के साथ पहुंचे थे। इसके बाद भार्गव ने रणजीत हनुमान के दर्शन किए और पौने 9 बजे मतदान किया।

कई क्षेत्रों में प्रशासन ने की गड़बड़ी: विभा पटेल

राजधानी भोपाल से कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी विभा पटेल ने मतदान किया। वोटिंग के बाद विभा पटेल ने कहा कि कई क्षेत्रों में प्रशासन ने गड़बड़ी की है। उन्होंने दावा किया कि अल्पसंख्यक क्षेत्रों में मतदान के लिए पर्चियां नहीं पहुंचाई गई। उन्होंने सरकार पर प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी के षड्यंत्र का जनता जवाब देगी।