सीएम मोहन यादव के सभास्थल में शराब पीकर घुसा पुलिसकर्मी, महिलाओं के साथ की अभद्रता

नशे की हालत में पुलिस वाला 2 घंटे तक सुरक्षा टीम में शामिल रहा। मीडिया को जब उसकी हरकतें संदिग्ध लगी और पूछताछ की गई। इसके बाद वह भाग निकला।

Updated: Jan 13, 2024, 05:10 PM IST

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां शनिवार को पॉलीटेक्निक मैदान में सीएम डॉ. मोहन यादव की सभा हुई। सभा से पहले शराब पीकर एक पुलिसकर्मी यहां पहुंचा और उसने महिलाओं से अभद्रता भी की। मीडिया के पूछने पर वह भाग निकला। वह कौन था इस बारे में पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ नहीं बता रहे हैं।

नशे की हालत में लड़कियों के बीच घुसकर बदतमीजी करने वाला युवक पुलिस प्रशिक्षण शाला पीटीएस उमरिया का जवान बताया जा रहा है। युवक का नाम सुभाष परस्ते बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर युवक पुलिस के सामने ही खड़ा होकर रौब दिखा रहा था। 

इतना ही नहीं जिस गेट से सीएम यादव को प्रवेश करना था उसी गेट पर खड़े होकर लोगों को निर्देश दे रहा था। वहीं, से सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लड़कियां प्रवेश कर रही थीं। उसी दौरान वह नशे की हालत में उनके बीच घुस गया और कथित रूप से अभद्रता करने लगा। जब मीडियाकर्मियों ने पूछा की अज्ञात पुलिसकर्मी नशे की हालत में कैसे लड़कियों से बात कर रहा है तभी वह भागने लगा। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में वह निकलकर भागने लगा लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी ने उसे नहीं पकड़ा।