सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को पत्रकार जगत का समर्थन, स्टेट प्रेस क्लब ने किया दिग्विजय सिंह का अभिनंदन
स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सत्य की प्रतिष्ठा, अहिंसा और सामाजिक समरसता के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
शाजापुर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को प्रदेशभर के पत्रकारों का समर्थन मिला है। शनिवार को यात्रा के पांचवें दिन शाजापुर में स्टेट प्रेस क्लब, मध्य प्रदेश की ओर से यात्रा के समर्थन में 50 से अधिक पत्रकार एकत्रित हुए। इस अवसर पर स्टेट प्रेस क्लब ने दिग्विजय सिंह को अभिनंदन पत्र भेंट कर उनके सार्वजनिक जीवन, जनसेवा, सामाजिक समरसता और यात्रा के संकल्प के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की।
स्टेट प्रेस क्लब की ओर से दिग्विजय सिंह को दिए गए अभिनंदन पत्र में कहा गया है कि उन्होंने भारतीय राजनीति में सत्य, निष्ठा, जनसेवा, समरसता और संस्कृति के सम्मान के अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। उनकी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए देश की महान विरासत और सकारात्मक विचारों की नई इबारत रच रही है।
अभिनंदन पत्र में यात्रा को महज एक सामान्य पदयात्रा न मानते हुए इसे भगवान शंकर और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का वंदन और अर्चन बताया गया है। पत्र में महात्मा गांधी की दांडी यात्रा का स्मरण करते हुए कहा गया है कि यह पदयात्रा अहिंसा के प्रति आग्रह और सत्य को प्रतिष्ठित करने के संकल्प को साकार करती है। साथ ही, ऊंच-नीच, बड़े-छोटे और जात-कुजात के भेदभाव से ऊपर उठकर 'राममय सब जग जानि' की परिकल्पना को भारत की आत्मा में बसी समरसता की प्रतिध्वनि बताया गया है।
स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने अपने छह दशकों के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और मानव कल्याण को प्राथमिकता दी है। उनका निराभिमानी व्यक्तित्व, समदृष्टि और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें विशिष्ट बनाती है। सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सत्य की प्रतिष्ठा, अहिंसा और सामाजिक समरसता के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है। भारत की एकता और सामाजिक सद्भाव के लिए ऊंच-नीच तथा जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर मानवीय मूल्यों को अपनाना आवश्यक है। स्टेट प्रेस क्लब उनकी यात्रा की सफलता की कामना करता है।




